जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित पनागर क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्रेम विवाह के बाद उपजे आपसी विवाद और शक के चलते दो सगे भाइयों ने एक युवक का अपहरण कर लिया और उसे सुनसान जगह पर बंधक बनाकर घंटों तक खौफ का तांडव खेला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शातिर आरोपियों को धर दबोचा है।
पीडि़त रोहित कोल 27 वर्ष, निवासी ग्राम मुडिय़ा ने पुलिस को बताया कि आयुष राजोरिया ने लगभग एक साल पहले सोनम से प्रेम विवाह किया था, जिसकी एक 4 साल की बेटी भी है। बीते दिन दोपहर करीब 12 बजे आयुष अपने छोटे भाई कृष्णा के साथ रोहित के घर पहुंचा और पूछताछ करने लगा। जब रोहित ने सोनम के वहां होने से इंकार किया, तो आरोपियों ने एक खतरनाक साजिश रची। आरोपी रोहित को अपने साथ बाईपास ले गए, जहां उसे जबरन शराब पिलाई गई। नशे में सुध खोते ही आरोपियों ने उसे स्कूटी पर बैठाया और खजरी-खिरिया के रास्ते एक सुनसान ठिकाने पर खींच ले गए। जब रोहित को होश आया, तो उसने खुद को खौफनाक स्थिति में पाया—उसके दोनों हाथ पीछे रस्सी से कसकर बांधे हुए थे और आरोपी उस पर कहर ढाने को तैयार बैठे थे।
पत्नी को लाओ, तभी जिंदा छोड़ेंगे-
आयुष राजोरिया ने दहशतगर्दी की हदें पार करते हुए धमकी दी, "मेरी पत्नी को बुलाओ, तभी यहां से छोड़ेंगे! इसी बीच पत्नी का फोन आने पर आरोपियों ने उसे गुमराह करते हुए गलत पता बताया। गनीमत रही कि पीडि़त की पत्नी और छोटे भाई भोला ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस की मदद ली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों के चंगुल से रोहित को सुरक्षित मुक्त कराया। परसावड़ा धनवंतरीनगर स्थित घर में बंधक बनाकर हाथों-मुक्कों से की गई इस बेरहमी से रोहित के कंधे और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार-
थाना पनागर में पीडि़त की शिकायत पर तुरंत एक्शन लेते हुए अपराध क्रमांक 1027/26 के तहत धारा 140(3) और 127(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित दबिश देकर मुख्य आरोपी आयुष राजोरिया (23 वर्ष) और उसके भाई कृष्णा राजोरिया (20 वर्ष, दोनों निवासी परसावड़ा धनवंतरीनगर) को दबोच लिया है। इस दुस्साहसिक वारदात के खुलासे से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस आगे की कड़ी कार्रवाई में जुटी है।
जबलपुर में सनसनीखेज घटनाक्रम, पत्नी को छिपाने के शक में युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा
प्रेषित समय :15:08:09 PM / Mon, Oct 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




