नगर प्रतिनिधि , जबलपुर। संभाग की सबसे बड़ी कृषि उपज मंडी में रविवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। अज्ञात चोरों ने मंडी परिसर की कई दुकानों में लगे एसी के कॉपर वायर और पाइप काटकर चोरी कर लिए। एक-दो नहीं, बल्कि 10 से अधिक दुकानों को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद व्यापारियों में नाराजगी है और मंडी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
विजयनगर स्थित मंडी परिसर में चोरों ने राधेश्याम फूड कंपनी सहित कई दुकानों के एसी के कॉपर वायर और पाइप काट दिए। इससे दुकानों में लगे एसी खराब हो गए। व्यापारियों के अनुसार दुकान नंबर 10 और 12 सहित महेश कुमार रामबाबू, रंजीत फूड कंपनी, मां नर्मदा फूड कंपनी, अशोक फूड कंपनी, आशीष फूड कंपनी, प्रभू राजा फूड कंपनी, मोहम्मद सलाम फूड कंपनी और रामसुख फूड कंपनी सहित अन्य दुकानों को भी निशाना बनाया गया। व्यापारियों का कहना है कि मंडी परिसर में चौबीसों घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके बावजूद चोरों ने कई दुकानों में वारदात को अंजाम दे दिया। इससे कैमरों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं मंडी के गेट पर तैनात गार्ड की भूमिका को लेकर भी व्यापारी सवाल उठा रहे हैं। विजयनगर पुलिस के अनुसार जागृति नगर निवासी भगवती कुमार केशरवानी ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मंडी प्रांगण में उनकी राधेश्याम फूड कंपनी के नाम से दुकान है। अज्ञात बदमाश उनकी दुकान के एसी का कॉपर वायर काटकर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
कृषि उपज मंडी में चोरों का धावा, सीसीटीवी और गार्ड की मौजूदगी में 10 से ज्यादा दुकानों को बनाया निशाना
प्रेषित समय :19:04:05 PM / Mon, Oct 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




