जबलपुर में इलाज कराने आए किसान के आटो से रुपए चोरी, चालक ने आटो खराब होने का नाटक उतारा और भाग निकला

जबलपुर में इलाज कराने आए किसान के आटो से रुपए चोरी, चालक ने आटो खराब होने का नाटक उतारा और भाग निकला

प्रेषित समय :17:15:55 PM / Thu, Oct 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में विजय नगर क्षेत्र में पन्ना से आए किसान के आटो चालक ने शातिर तरीके से 9 हजार रुपए चोरी किए। इसके बाद आटो खराब होने का नाटक कर किसान को उतारकर भाग निकला। पुलिस ने किसान प्रेमनारायण शर्मा की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है। 
                              पुलिस के अनुसार पन्ना के अमानगंज निवासी किसान प्रेमनारायण शर्मा उम्र 56 वर्ष पेश से किसान है। वे पिछले दिनों इलाज के सिलसिले में बस से जबलपुर के दीनदयाल बस स्टैंड पहुंचे थे। उन्होंने अपनी जींस पेंट की दाहिने जेब में 9,500 रुपये सुरक्षित रखे थे। दीनदयाल चौक से मदनमहल स्थित माही अस्पताल जाने के लिए उन्होंने एक पीले रंग का ऑटो किया और चालक के ठीक बगल वाली सीट पर बैठ गए। ऑटो में बैठने से पहले उन्होंने अपनी जेब टटोली थी, तब पैसे सुरक्षित थे। सफर के दौरान दीनदयाल चौक और एसबीआई चौक के बीच ऑटो चालक ने बार-बार गाड़ी खराब होने का नाटक किया। वह बार-बार अपनी गाड़ी ठीक करने के बहाने किसान की दाहिनी तरफ हाथ डालता रहा। पीडि़त को उस वक्त उसकी नीयत पर कोई शक नहीं हुआ। इसके बाद, एसबीआई चौक विजयनगर के पास चालक ने यह कहकर किसान को ऑटो से उतार दिया कि अब गाड़ी आगे नहीं जा पाएगी। इसके बाद पीडि़त किसान दूसरे ऑटो में बैठकर मदनमहल स्थित माही अस्पताल पहुंचा। जब उसने अस्पताल पहुंचने पर किराया देने के लिए अपनी पेंट की जेब चेक की, तो उसके होश उड़ गए—जेब से 9 हजार 500 रुपये गायब थे। उसे तुरंत समझ आ गया कि रास्ते में पीले रंग के ऑटो चालक ने ही गाड़ी खराब होने का झांसा देकर उसकी जेब से रुपये चोरी किए हैं। घटना के बाद पीडि़त ने थाना विजयनगर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपी ऑटो चालक की तलाश के लिए विवेचना शुरू कर दी है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-