जबलपुर के जिला कोर्ट परिसर में खड़ी कार में अचानक लगी आग, वकीलों में मची अफरा-तफरी

जबलपुर के जिला कोर्ट परिसर में खड़ी कार में अचानक लगी आग, वकीलों में मची अफरा-तफरी

प्रेषित समय :15:42:29 PM / Thu, Oct 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में आज दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब वहां खड़ी एक निजी कार में अचानक आग भड़क उठी। घटना के दौरान परिसर में मौजूद लोगों और अधिवक्ताओं के बीच हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।                               
                            प्रत्यक्षदर्शियों और अधिवक्ताओं के अनुसार, आग लगने की यह घटना कोर्ट परिसर के गेट नंबर 2 और 3 के बीच खड़ी कार में हुई। अचानक कार से तेज लपटें उठने लगीं। आग को विकराल रूप लेता देख वहां मौजूद वकीलों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसके बाद तत्काल दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। जिला अधिवक्ता संघ के सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार बालाघाट से आए एक पुलिस अधिकारी या टैक्सी से जुड़ी हुई थी। कार में अचानक आग किन कारणों से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। इस घटना में केवल कार को नुकसान पहुंचा है और कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।
सुरक्षा और फायर सेफ्टी पर उठे गंभीर सवाल
घटना के बाद अधिवक्ताओं ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) व्यवस्थाओं को लेकर भारी नाराजगी और चिंता व्यक्त की है। वकीलों का कहना है कि यदि यह आग और तेजी से फैलती, तो पास खड़े अन्य वाहनों और न्यायालय भवन को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि परिसर में लगे पाइप और अग्निशमन यंत्र (फायर सेफ्टी इक्विपमेंट) आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से नाकाफी और निष्क्रिय साबित हो रहे हैं।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-