जबलपुर में शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, गोहलपुर पुलिस ने दो चोरी की गाड़ियां कीं बरामद

जबलपुर में शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, गोहलपुर पुलिस ने दो चोरी की गाड़ियां कीं बरामद

प्रेषित समय :20:08:38 PM / Wed, Oct 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शहर के अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई एक स्कूटी और एक स्पोर्ट्स बाइक (यामाहा आर-15) बरामद की है। पुलिस इस मामले में उसके एक अन्य नाबालिग साथी की तलाश कर रही है।
                                               पुलिस के अनुसार, आनंद नगर पानी की टंकी के पास एक संदिग्ध युवक के चोरी की स्कूटी के साथ खड़े होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम समीर उर्फ गोला (निवासी टेढ़ी नीम, हनुमानताल) बताया। वाहन के कागजात मांगने पर वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने कबूला कि उसने यह स्कूटी एक महीने पहले अपने 16 वर्षीय साथी से महज 2500 रुपये में खरीदी थी। आगे की पूछताछ में उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर गढ़ा क्षेत्र से एक यामाहा आर-15 बाइक चुराने की बात भी स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पंचवटी स्कूल के पीछे से उक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। पुलिस ने गोहलपुर थाना क्षेत्र से चुराई गई एक्सेस स्कूटी (एमपी 20 एसटी 2426) और गढ़ा से चुराई गई यामाहा मोटरसाइकिल (ओ.डी. 07 एजी 2341) को जब्त कर लिया है। गोहलपुर थाने में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस गैंग के अन्य वारदातों में शामिल होने की संभावनाओं को खंगाल रही है और फरार 16 वर्षीय सह-आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-