जबलपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आएसएस) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 24 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय महत्वपूर्ण प्रवास पर संस्कारधानी जबलपुर आ रहे हैं। इस हाई-प्रोफाइल और नियमित संगठनात्मक दौरे के दौरान वे महाकौशल प्रांत में युवाओं, स्थानीय पदाधिकारियों और प्रांतीय टोली के साथ मैराथन बैठकों का दौर चलाएंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन की जड़ों को और मजबूत करना और आगामी कार्ययोजनाओं को नई दिशा देना है।
दौरे के पहले दिन संघ प्रमुख का सीधा संवाद महानगर के मुख्य शिक्षक और उनसे ऊपर के दायित्व संभाल रहे चुनिंदा जमीनी कार्यकर्ताओं से होगा। इस सत्र की शुरुआत जमीनी स्तर के प्रमुख कार्यकर्ताओं के अनुभवों को जानने और शाखा स्तर के कार्यों की बारीकी से समीक्षा के साथ होगी। इस दौरान संघ कार्य के विस्तार, शाखाओं के नियमित संचालन और समाज में स्वयंसेवकों की सकारात्मक भूमिका को लेकर विस्तृत रूप से विचार साझा किए जाएंगे। प्रवास के दूसरे चरण में डॉ. मोहन भागवत कॉलेज विद्यार्थियों के प्रांतीय शिविर में विशेष रूप से मौजूद रहेंगे और युवा शक्ति से सीधी चर्चा करेंगे। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य उच्च शिक्षा हासिल कर रहे युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोडऩे का एक ठोस खाका तैयार करना है। संघ नेतृत्व युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें वैचारिक रूप से मजबूत करने पर विशेष जोर देगा।
अंतिम दिन प्रांतीय कार्यकारिणी और विभाग टोली के साथ मंथन-
दौरे के अंतिम दिन प्रांत कार्यकारिणी और विभाग टोली के तमाम प्रमुख पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में देश-दुनिया के वर्तमान सामाजिक परिदृश्य और आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना पर विस्तृत विचार-मंथन किया जाएगा। इसके बाद प्रांतीय नेतृत्व वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप अपनी आगामी गतिविधियों और जिम्मेदारियों की नई रूपरेखा तय करेगा, जिससे महाकौशल क्षेत्र में संघ के कार्यों को और गति मिल सके।
आरएसएस प्रमुख प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का तीन दिवसीय जबलपुर प्रवास, 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक महाकौशल में बैठकों और मंथन का दौर
प्रेषित समय :17:29:01 PM / Fri, Oct 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




