जबलपुर। एमपी के जबलपुर में सदर स्थित गली नम्बर सात में दुर्गा पंडाल में खतरनाक तरीके से बिजली की सजावट करना डेकोरेटर को भारी पड़ गया है। थाने में दी गई एक लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी डेकोरेटर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार गौतमनगर कॉलोनी गढ़ा निवासी गौरव पाठक उम्र 40 वर्ष ने केंट थाना पहुंचकर एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गली नंबर 7, सदर स्थित दुर्गा पंडाल जो कि बाजार काली दुर्गा उत्सव समिति द्वारा स्थापित किया गया है, वहाँ डेकोरेटर संजू सोनकर द्वारा विद्युत सजावट का कार्य किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस सजावट के लिए बेहद खतरनाक तरीके से कटे-फटे और असुरक्षित बिजली के तारों का खुलेआम उपयोग किया जा रहा है। शिकायत में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि गली नंबर 7 बेहद संकरी है और इस दुर्गा पंडाल में रोजाना लगभग 500 से 600 लोग, जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल होते हैं, एकत्रित होते हैं। असुरक्षित और खुली विद्युत वायरिंग के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। जरा सी लापरवाही से श्रद्धालुओं को गंभीर विद्युत करंट लगने और जनहानि होने की भारी आशंका बनी हुई थी। इस प्रकार का कृत्य आम नागरिकों की जान और सुरक्षा के लिए एक सीधा और गंभीर खतरा उत्पन्न कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत एक्शन लिया। अवलोकन के बाद आरोपी डेकोरेटर संजू सोनकर के खिलाफ जनजीवन और सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में धारा 125 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। साथ ही, पंडाल के आसपास फैले उन खतरनाक कटे-फटे तारों को तुरंत हटवाने की कार्रवाई भी की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय दुर्घटना से बचा जा सके। पुलिस इस मामले की आगे की जांच में जुट गई है।
सदर में कटे-फटे बिजली तारों से की गई थी दुर्गा पंडाल में सजावट, पुलिस ने डेकोरेटर पर दर्ज किया मामला..!
प्रेषित समय :16:37:35 PM / Mon, Oct 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर





