जबलपुर। एमपी के जबलपुर में साइबर ठगी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है, ग्वारीघाट और माढ़ोताल थाना क्षेत्रों से दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं, जहां ठगों ने शातिर तरीके से आम नागरिकों को अपना शिकार बनाते हुए कुल 1,27,829 की बड़ी रकम हड़प ली। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथिायों की शिकायत पर गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रोहित लांजेवार उम्र 29 वर्ष निवासी लालपुर, शिवराज सिंह नगर नई बस्ती पेशे से ऑटो चालक है। दो दिन पहले उसके मोबाइल फोन पर अनजाने में कोई एपीके फाइल डाउनलोड हो गई, जिसके बारे में उसे कोई जानकारी नहीं थी कि यह कैसे और कहां से आई। फाइल डाउनलोड होने के बाद उसके मोबाइल की स्क्रीन पर लगातार सॉफ्टवेयर अपडेट का ऑप्शन दिखाई दे रहा था। काफी घंटे बीत जाने के बाद जब उसने अपना मोबाइल ऑन करके चेक किया, तो उसके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि गूगल पे के माध्यम से 48,000 और फोन पे के माध्यम से 15,600 उसके अलग-अलग बैंक खातों से कट चुके हैं। किसी अज्ञात साइबर ठग द्वारा धोखाधड़ी करते हुए उसके खातों से कुल 63,600 हड़प लिए गए। इसी तरह पूर्वी कुर्मी उम्र 24 वर्ष मूल निवासी अमगवां, थाना सिहोरा और वर्तमान पता न्यू बस्ती आईटीआई माढ़ोताल ने लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसके साथ ऑनलाइन माध्यम से 64,229 की ठगी हुई है। पीडि़ता के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा किसी अन्य व्यक्ति का रूप धारण कर उसे धोखे में फंसाया गया। छलपूर्वक और चालाकी से अज्ञात आरोपी ने उसके बैंक खाते से कुल 64,229 की राशि हड़प ली।
जबलपुर में नहीं थम रही साइबर ठगी की घटनाएं, एपीके फाइल डाउनलोड करते ही खाता हुआ खाली
प्रेषित समय :17:53:42 PM / Mon, Oct 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




