नगर प्रतिनिधि ,जबलपुर। त्योहारों के दौरान मिलावटी मिठाइयों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में जांच अभियान चलाया। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर की गई कार्रवाई के दौरान बड़कुल स्वीट्स समेत विभिन्न दुकानों से खोवा और पेड़े के नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है।
मेडिकल क्षेत्र के पास स्थित बड़कुल स्वीट्स में शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण किया। शरद पूर्णिमा के लिए तैयार किए गए पेड़ों में मिलावट की आशंका के चलते दो नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार, शिकायत के आधार पर दुकान की जांच की गई और नमूनों को प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया अपनाई गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने खोवा मंडी क्षेत्र में छह दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंकज खोवा भंडार, जैन खोवा, मोदी खोवा और महावीर दूध भंडार से मावा एवं पेड़े के कुल छह नमूने लिए गए। इसके अलावा चुंगी नाका स्थित आईटीआई क्षेत्र में शरद पूर्णिमा के लिए पेड़े बेचने वाली चार दुकानों की जांच की गई। यहां मनीष नेमा पाटन वाले की दुकान से पेड़े का नमूना लिया गया।
विभाग ने सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल भेजने की तैयारी की है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के मद्देनजर खाद्य विभाग की कार्रवाई को मिलावट पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-




