व्हाइट हाउस में ट्रम्प ने भारतीयों के साथ मनाई दिवाली, ओवल ऑफिस में जलाया दीपक; भेंट की गई हनुमान चालीसा

व्हाइट हाउस में ट्रम्प ने भारतीयों के साथ मनाई दिवाली, ओवल ऑफिस में जलाया दीपक; भेंट की गई हनुमान चालीसा

प्रेषित समय :19:00:43 PM / Sat, Nov 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

वॉशिंगटन. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ दिवाली का त्योहार मनाया. इस खास मौके पर ट्रम्प ने ओवल ऑफिस में दीपक जलाकर रोशनी के पर्व का उत्सव मनाया. कार्यक्रम के दौरान उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भी भेंट की गई. भारतीय मूल के कारोबारियों ने उन्हें 'जुग-जुग जिओ' का आशीर्वाद देते हुए भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती और मजबूत होने की कामना की.

ओवल ऑफिस में भारतीय समुदाय के साथ दीपोत्सव

दिवाली समारोह में ट्रम्प प्रशासन के भारतीय मूल के अधिकारी, कारोबारी और कई बड़ी कंपनियों के CEO शामिल हुए. इस अवसर पर अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा और मशहूर भारतीय शेफ विकास खन्ना भी मौजूद रहे.

कार्यक्रम में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और सोशल सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी कमिश्नर अर्जुन मोदी ने भी हिस्सा लिया. समारोह के दौरान भारतीय संस्कृति, परंपराओं और दोनों देशों के आपसी संबंधों को लेकर खास उत्साह देखने को मिला.

ट्रम्प को भेंट की गई हनुमान चालीसा

समारोह के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति को हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की गई. कारोबारी विशाल गोंडल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस आयोजन की तस्वीर साझा करते हुए इसे रोशनी और आपसी जुड़ाव का खास अवसर बताया.

उन्होंने बताया कि हनुमान चालीसा गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित भगवान हनुमान की स्तुति है. इसे दुनियाभर में लाखों श्रद्धालु साहस, भक्ति और शक्ति की कामना के साथ पढ़ते हैं.

भारतीय कारोबारियों ने दिया 'जुग-जुग जिओ' का आशीर्वाद

कार्यक्रम में शामिल भारतीय कारोबारियों और प्रतिनिधियों ने ट्रम्प को पारंपरिक अंदाज में 'जुग-जुग जिओ' का आशीर्वाद दिया. इसके साथ ही भारत और अमेरिका के बीच सहयोग, मित्रता और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई गई.

जॉर्ज बुश ने शुरू की थी व्हाइट हाउस में दिवाली की परंपरा

व्हाइट हाउस में दिवाली मनाने की परंपरा वर्ष 2003 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश के कार्यकाल में शुरू हुई थी. शुरुआती वर्षों में कार्यक्रम व्हाइट हाउस के पास स्थित आइजनहावर एग्जीक्यूटिव ऑफिस बिल्डिंग में आयोजित किए जाते थे.

वर्ष 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में दीपक जलाने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे. उन्होंने व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में आयोजित दिवाली समारोह में दीप प्रज्वलित किया था.

इसके बाद से व्हाइट हाउस के अलग-अलग हिस्सों में दिवाली के कार्यक्रम आयोजित होने लगे. इनमें ओवल ऑफिस और रूजवेल्ट रूम जैसे प्रमुख स्थान भी शामिल रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-