सोफे से गिरी मासूम बच्ची के सिर में घुसा लोहे का तार, डाक्टरों ने आपरेशन कर बचाई जान

सोफे  से गिरी मासूम बच्ची के सिर में घुसा लोहे का तार, डाक्टरों ने आपरेशन कर बचाई जान

प्रेषित समय :16:06:09 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। कटनी जिले के बाकल गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेलते समय सोफे से नीचे गिरने पर 11 महीने की एक मासूम बच्ची के सिर में खिलौने का लोहे का तार करीब दो इंच अंदर तक घुस गया। इस दर्दनाक हादसे में बच्ची के सिर की हड्डी डैमेज हो गई और लगातार खून बहने लगा।        
                          बताया गया है कि छोटी बच्ची आरवी सोफे पर बैठकर खेल रही थी। अचानक वह नीचे गिर गई और पास रखे प्लास्टिक के खिलौने का लगभग एक सेंटीमीटर मोटा लोहे का तार उसके माथे में जा घुसा। परिजन घबराकर उसे पहले नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। रात करीब 11 बजे परिजन बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत जांच की तो पता चला कि तार सिर की हड्डी को चीरते हुए अंदर तक पहुंच चुका था और वहां खून का थक्का भी जम गया था। डॉक्टरों के अनुसार, यदि यह तार दिमाग के किसी संवेदनशील हिस्से तक और गहराई में चला जाता, तो बच्ची की आंखों की रोशनी जाने या उसकी जान तक जा सकती थी। इसके अलावा संक्रमण फैलने का भी गंभीर खतरा था। स्थिति की नजाकत को भांपते हुए डीन डॉ. नवनीत सक्सेना और न्यूरो सर्जन डॉ. जितिन बजाज के मार्गदर्शन में तुरंत एक विशेष मेडिकल टीम का गठन किया गया। रात में ही आपातकालीन ऑपरेशन की तैयारी की गई। न्यूरो सर्जरी विभाग के विशेषज्ञों और एनेस्थीसिया टीम के डॉक्टरों ने मिलकर करीब डेढ़ घंटे तक जटिल ऑपरेशन किया और आखिरकार सूझबूझ से तार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-