जबलपुर। एमपी के जबलपुर में घमापुर स्थित कांचघर क्षेत्र में दीवाली की देर रात संत रविदास मंदिर के पास 10 युवकों की भीड़ ने दो दोस्तों को घेरकर चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान कार्तिक उर्फ बाबू चौधरी (21) और करण पासी (24) के रूप में हुई है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस को पूछताछ में मृतक कार्तिक के भाई सोनू चौधरी उर्फ जय कुमार ने बताया कि रात करीब 1 बजे कार्तिक और करण अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकले थे। रास्ते में घात लगाए बैठे युवकों के समूह ने उन्हें अचानक चारों तरफ से घेर लिया। हमलावरों ने उन्हें संभलने का मौका दिए बिना लाठी और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हालत में गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। परिजनों के अनुसार, कार्तिक की महज एक महीने पहले ही शादी हुई थी। शादी के तुरंत बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद-
परिजनों से पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस की जांच में सामने आया कि कार्तिक और करण का मुख्य आरोपी 21 वर्षीय प्रिंस चौधरी और उसके साथियों से पुराना विवाद था। दिवाली की रात संत रविदास मंदिर के पास मोहल्ले के लड़कों के इक_ा होने के दौरान इसी पुरानी रंजिश को लेकर बहस हुई। देखते ही देखते विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पुलिस ने मामले में आरोपी प्रिंस चौधरी समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल 3 आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक कार्तिक और आरोपी प्रिंस का पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। रविदास नगर में हुए इस दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दीवाली की देर रात दो युवकों की नृशंस हत्या, 10 बदमाशों ने घेरकर चाकू, लाठी से किया हमला
प्रेषित समय :15:42:17 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



