भोपाल. मध्य प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के बीच भोपाल में कोकीन की बड़ी खेप पकड़ी गई है. जीआरपी, आरपीएफ और डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की संयुक्त टीम ने GT एक्सप्रेस के सेकंड एसी कोच से 500 ग्राम कोकीन के साथ एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है. महिला चेन्नई से दिल्ली जा रही थी. भोपाल रेलवे स्टेशन पर मिले इनपुट के आधार पर टीम ने ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया.
GT एक्सप्रेस में संयुक्त टीम की कार्रवाई
सोमवार शाम करीब 7:45 बजे GT एक्सप्रेस के भोपाल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंचने के दौरान संयुक्त टीम ने सेकंड एसी कोच में दबिश दी. इस दौरान संदिग्ध विदेशी महिला के सामान की तलाशी ली गई, जिसमें करीब 500 ग्राम कोकीन बरामद हुई. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
दिल्ली में डिलीवरी की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला चेन्नई से दिल्ली जा रही थी. जांच एजेंसियों को आशंका है कि कोकीन की खेप दिल्ली में किसी व्यक्ति तक पहुंचाई जानी थी. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि महिला तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है या किसी गिरोह के लिए कैरियर के तौर पर काम कर रही थी. गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की जांच के लिए DRI के सुपुर्द कर दिया गया.
तस्करी नेटवर्क की पड़ताल में जुटी DRI
DRI अब कोकीन की खेप के स्रोत, तस्करी में शामिल लोगों और दिल्ली में इसके संभावित रिसीवर का पता लगा रही है. महिला के संपर्कों, यात्रा मार्ग और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि खेप की सप्लाई भोपाल में तो नहीं होनी थी. मामले में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


