जबलपुर। एमपी के जबलपुर में खमरिया स्थित सोनपुर-घाना मार्ग पर उस वक्त चीख पुकार मच गई। जब तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 8.15 बजे सोनपुर मोड़ से घाना रोड पुलिया के पास सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 एमई 8093 पर सवार होकर कार्तिक कुशवाहा, अंकित गोटिया और रंजीत कुशवाहा सोनपुर से घाना की ओर जा रहे थे। बाइक कार्तिक कुशवाहा चला रहा था। तभी घाना की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित हार्वेस्टर क्रमांक एमपी 04 डी बी 2535 के चालक ने सामने से उनकी बाइक को रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मुख्य रूप से कार्तिक कुशवाहा के सिर, माथे, नाक, दोनों हाथों, सीने और पैरों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही अहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। घायलों को तत्काल ओ.एफ.के. अस्पताल खमरिया पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने अंकित गोटिया और रंजीत कुशवाहा का प्राथमिक उपचार कर उन्हें बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से जख्मी 25 वर्षीय कार्तिक कुशवाहा को डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक खबर से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही थाना खमरिया में सुनील कुमार कुशवाहा की रिपोर्ट परहार्वेस्टर चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत गंभीर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस अब फरार और लापरवाह चालक की तलाश में जुट गई है।
जबलपुर में दर्दनाक हादसा, हार्वेस्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो गंभीर
प्रेषित समय :15:37:51 PM / Wed, Nov 11th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



