यूपी में 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले, वाराणसी और कानपुर के मंडलायुक्त बदले

यूपी में 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले, वाराणसी और कानपुर के मंडलायुक्त बदले

प्रेषित समय :19:14:34 PM / Mon, Nov 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. इस बदलाव में वाराणसी और कानपुर के मंडलायुक्तों सहित कई जिलों के जिलाधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.

कानपुर के मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन को वाराणसी का मंडलायुक्त बनाया गया है. वह कानपुर में मंडलायुक्त के साथ उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग के आयुक्त और निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे. इसके अलावा उनके पास उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम, स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी और सहकारी कताई मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक का प्रभार भी था.वहीं, वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम को कानपुर का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है. ग्रेटर नोएडा के सीईओ, स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर की जिम्मेदारी संभाल रहे रवि कुमार एनजी को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) का सीईओ बनाया गया है. उन्हें उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग के आयुक्त की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.

सौम्या अग्रवाल और डॉ. बलकार सिंह को नई जिम्मेदारी

श्रमायुक्त सौम्या अग्रवाल का भी तबादला किया गया है. उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य वस्त्र निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है. इसके साथ ही स्टेट स्पिनिंग कंपनी, स्टेट यार्न कंपनी, सहकारी कताई मिल्स संघ और यूपी टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.वहीं, यूपीसीडा के सीईओ डॉ. बलकार सिंह को ग्रेटर नोएडा का सीईओ नियुक्त किया गया है. वह स्थानिक आयुक्त और आयुक्त एनसीआर की जिम्मेदारी भी संभालेंगे.

अनिल कुमार सिंह भदोही के नए डीएम

अपर आयुक्त एवं अपर निबंधक (बैंकिंग), सहकारी समितियां अनिल कुमार सिंह को भदोही का जिलाधिकारी बनाया गया है. उन्हें भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ का प्रभार भी सौंपा गया है. अब तक इस पद पर तैनात शैलेश कुमार को चंदौली का डीएम बनाया गया है.चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है.

गोंडा, जौनपुर और श्रावस्ती के डीएम भी बदले

राजस्व परिषद में अपर आयुक्त (भूमि व्यवस्था) रमेश रंजन को गोंडा का जिलाधिकारी बनाया गया है. गोंडा की डीएम प्रियंका जैन को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है.उमेश मिश्रा को जौनपुर का नया डीएम बनाया गया है, जबकि वहां के जिलाधिकारी सैमुएल पॉल एन को अपर आयुक्त, सहकारी समितियां की जिम्मेदारी दी गई है.

नागरिक सुरक्षा एवं राजनीतिक पेंशन विभाग के विशेष सचिव मनोज कुमार राय को श्रावस्ती का डीएम बनाया गया है. श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग को बाल विकास विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है.इसी तरह शामली के डीएम आलोक यादव को आईटी विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है. ग्रेटर नोएडा के एसीईओ प्रवीण वर्मा को शामली का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-