मंगेली-पिपरिया के बीच बरगी नहर फूटी, खेतों में घुसा पानी; कलेक्टर ने बंद कराई सप्लाई

मंगेली-पिपरिया के बीच बरगी नहर फूटी, खेतों में घुसा पानी; कलेक्टर ने बंद कराई सप्लाई

प्रेषित समय :11:56:32 AM / Wed, Nov 18th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. मंगेली और पिपरिया गांव के बीच से गुजरने वाली बरगी बायीं तट नहर बुधवार सुबह करीब 6 बजे अचानक क्षतिग्रस्त हो गई. नहर फूटने से हजारों लीटर पानी बहकर आसपास के किसानों के खेतों में भर गया. इससे फसलों को नुकसान की आशंका है.

नहर क्षतिग्रस्त होने की वजह भारी वाहनों की आवाजाही को बताया जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनिज परिवहन में लगे भारी डंपरों और अन्य वाहनों के लगातार गुजरने से नहर की दीवार कमजोर हुई और टूट गई.

घटना की जानकारी मिलते ही जबलपुर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया और नहर में पानी की सप्लाई बंद करवा दी. इसके बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षति का जायजा लेकर जांच शुरू की.

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

नहर टूटने की घटना से क्षेत्र के किसानों में नाराजगी है. ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी नहर क्षतिग्रस्त होने से लंबे समय तक सिंचाई प्रभावित हुई थी, जिससे फसलों को नुकसान उठाना पड़ा था. किसानों ने मांग की है कि घटना की जांच कर नहर को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. उनका कहना है कि यदि इस बार भी केवल औपचारिकता की गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे फसलों के नुकसान को लेकर आंदोलन करेंगे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-