दिल्ली में कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर लग सकती है रोक! सुप्रीम कोर्ट ने 5 साल का दिया बड़ा सुझाव

दिल्ली में कमर्शियल वाहनों की एंट्री पर लग सकती है रोक! सुप्रीम कोर्ट ने 5 साल का दिया बड़ा सुझाव

प्रेषित समय :20:48:08 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. राजधानी दिल्ली और एनसीआर में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है. सोमवार को मामले की सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कई अहम सुझाव दिए. अदालत ने संकेत दिया कि दिल्ली में केवल BS-VI मानक वाले वाहनों को ही चलने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है. वहीं, मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने अगले पांच वर्षों में दिल्ली के भीतर कमर्शियल वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद करने के लिए ठोस व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया.

BS-IV वाहनों के PUC टेस्ट का मुद्दा उठा, BS-VI पर जोर

वायु प्रदूषण से जुड़े स्वतः संज्ञान मामले की सुनवाई के दौरान एक वकील ने BS-IV श्रेणी के वाहनों को लेकर अदालत में चिंता जताई. उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा इन वाहनों का प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) टेस्ट नहीं किए जाने से वाहन मालिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति यह है कि कई वाहन चालकों को ईंधन मिलने में भी दिक्कत हो रही है. इस पर जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा कि यदि पूरे एनसीआर में BS-VI वाहनों को अनिवार्य करना संभव नहीं है, तो कम से कम दिल्ली में केवल BS-VI मानक वाले वाहनों को ही अनुमति दी जानी चाहिए. सर्दियों में प्रदूषण की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए जस्टिस बागची ने कहा कि इस बार लोग भाग्यशाली रहे कि प्रदूषण के बावजूद उनके फेफड़े सुरक्षित रह पाए. इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि इसके लिए कुछ श्रेय प्रकृति को भी दिया जाना चाहिए.

दिल्ली बॉर्डर पर बनें गोदाम, पांच साल में बंद हो कमर्शियल वाहनों का प्रवेश

सुनवाई के दौरान जब अदालत को बताया गया कि कमर्शियल वाहनों से होने वाले प्रदूषण में करीब 30 प्रतिशत की कमी आई है, तब CJI सूर्यकांत ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए दीर्घकालिक योजना का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि दिल्ली में लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सामान की आपूर्ति जरूरी है, लेकिन इसके लिए ऐसी व्यवस्था बनाई जा सकती है, जिसमें दिल्ली की सीमाओं पर ही गोदाम और स्टॉक सेंटर विकसित किए जाएं. बाहर से आने वाला सामान इन केंद्रों पर उतारा जाए और फिर जरूरत के मुताबिक छोटे वाहनों या वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए उसकी आपूर्ति की जाए. CJI ने कहा कि यह व्यवस्था भले ही इस साल लागू करना संभव न हो, लेकिन अगले पांच वर्षों में ऐसा तंत्र विकसित किया जाना चाहिए, जिससे एक भी कमर्शियल वाहन को दिल्ली के भीतर प्रवेश करने की जरूरत न पड़े. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अचानक प्रतिबंध लगाने से गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं. इसलिए इसके लिए चरणबद्ध और व्यावहारिक योजना जरूरी है.

CAQM की रिपोर्ट पर राज्यों से मांगा जवाब

सुनवाई के दौरान वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की ओर से गठित विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट का भी मुद्दा सामने आया. वकील ने सुझाव दिया कि संबंधित राज्यों के साथ-साथ CAQM को भी समिति की सिफारिशों पर अपना जवाब दाखिल करना चाहिए. मामले की तकनीकी जटिलताओं को देखते हुए अदालत से विशेषज्ञ स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की गई. इस पर CJI सूर्यकांत ने निर्देश दिया कि एमिकस क्यूरी (न्याय मित्र) के साथ विचार-विमर्श करके एक विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट अदालत में पेश की जाए.

वहीं, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) ने भरोसा दिलाया कि सरकार इस मामले में न्याय मित्र को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी. सुप्रीम कोर्ट ने पड़ोसी राज्यों की भूमिका और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े उपायों के अनुपालन पर भी सवाल उठाए और संबंधित पक्षों से रिपोर्ट पेश करने को कहा. फिलहाल ये सुझाव हैं, लागू प्रतिबंध नहीं: सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए दीर्घकालिक व्यवस्था तैयार करना है. कमर्शियल वाहनों पर तत्काल प्रतिबंध लगाने का कोई आदेश इस सुनवाई में नहीं दिया गया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-