जबलपुर में बिजली सब स्टेशन ऑपरेटर की हत्या, नाइट ड्यूटी के दौरान धारदार हथियार से हमला

जबलपुर में  बिजली सब स्टेशन ऑपरेटर की हत्या, नाइट ड्यूटी के दौरान धारदार हथियार से हमला

प्रेषित समय :11:54:23 AM / Sat, Nov 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जिले के पाटन थाना क्षेत्र में बिजली कंपनी के एक आउटसोर्स कर्मचारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. ग्राम ननवारा स्थित बिजली सब स्टेशन में शुक्रवार रात ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने कर्मचारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल कर्मचारी की जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई.

मृतक की पहचान गजेंद्र सिंह के रूप में हुई है. वह मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में सब स्टेशन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 बजे गजेंद्र सिंह सब स्टेशन में नाइट ड्यूटी कर रहा था. इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उस पर धारदार हथियार से कई वार कर दिए. हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा.

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारी को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के एंगल से जांच

गजेंद्र सिंह की मौत के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रही है. साथ ही परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है. फिलहाल आरोपियों की पहचान और हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-