नई दिल्ली. छात्रों के विरोध के बीच डीयू प्रॉक्टर रजनी अब्बी ने बुधवार को घोषणा की कि यूनिवर्सिटी 17 फरवरी को फिर से खुल जाएगा. अब्बी ने विरोध प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज शाम तक कुलपति की ओर से एक अधिसूचना जारी की जाएगी. एबीवीपी के नौ कार्यकर्ताओं ने कॉलेज फिर से खोलने की मांग को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में भूख हड़ताल की थी. वामपंथी कार्यकर्ता भी बुधवार को परिसर में ऑफलाइन कक्षाओं की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे थे.
दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुलपति योगेश सिंह ने मंगलवार को कहा था कि तैयारियों का जायजा लेने के बाद यूनिवर्सिटी फिर से खुलेगी. उन्होंने कहा था कि विरोध करने वाले छात्र “अनावश्यक रूप से बेसब्र” होते जा रहे थे और इतने बड़े निर्णय के लिए कई फैक्टर्स पर विचार करने की आवश्यकता थी.
गौरतलब है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में सामान्य कक्षाएं शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों में से एक छात्र ने मंगलवार को आत्मदाह करने का प्रयास किया था. वहीं, छात्रों ने सोमवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुलपति (वीसी) के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था. छात्रों ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया तथा उनसे मारपीट की. बहरहाल, पुलिस ने उनके दावों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों को परिसर से हटाने के बाद तत्काल रिहा कर दिया गया.
प्रदर्शन का आयोजन करने वाले स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इडिया ने दावा किया कि प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे उसके कार्यकर्ताओं के साथ कुलपति कार्यालय में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने ‘बर्बर तरीके से मारपीट’ की. छात्र संगठन ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस के पुरुष अधिकारियों ने उनकी तीन महिला कार्यकर्ताओं से मारपीट की.
इन दावों को खारिज करते हुए पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने एक बयान में कहा कि डीयू प्राधिकारियों के अनुरोध पर वीसी कार्यालय के बाहर से कुछ प्रदर्शनकारियों को हटाया गया और जब परिसर खाली हो गया तो उन्हें तुरंत रिहा कर दिया गया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारियों को केजरीवाल ने दिया तोहफा, 700 संविदाकर्मी हुए परमानेंट
दिल्ली NCR में अगले 2 दिन खिलेगी धूप फिर होगी बारिश, 9 फरवरी को है बारिश के आसार
दिल्ली में आज भी छाया रहेगा घना कोहरा, कश्मीर-हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जारी
दिल्ली में बारिश के बाद छाया घना कोहरा, जानिए आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
Leave a Reply