इस्लामाबाद. पाकिस्तान में इस वक्त सियासी घमासान मचा है. नेशनल असेंबली में विपक्ष की ओर से इमरान खान सरकार के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो गया. कुछ देर के लिए तो इमरान खान को राहत मिली, लेकिन अगले ही घंटे में पाकिस्तान सेक्रेटिएट ने इमरान खान को प्रधानमंत्री पद से हटा दिया. रविवार को विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को खारिज किए जाने के कुछ देर बाद प्रधानमंत्री इमरान खान ने उस अमेरिकी राजनयिक के नाम का खुलासा किया, जिसने कथित तौर पर पाकिस्तान को धमकी भरी चिट्ठी लिखी थी.
कार्यवाहक पीएम इमरान खान ने सोमवार को पूर्व सांसदों के साथ एक बैठक के दौरान खुलासा किया कि अमेरिका में एशियाई मामले देखने वाले अफसर डोनाल्ड लू ने धमकी भरी चिट्ठी लिखी थी. इमरान खान ने दावा किया कि डोनाल्ड लू और पाकिस्तान के राजदूत असद मजीद के बीच एक बैठक हुई थी. इसके बाद दोनों पक्षों के मीटिंग मिनट्स जारी किए गए थे. रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड लू वर्तमान में एक इंटरव्यू के लिए भारत का दौरा कर रहे हैं. उन्होंने “धमकी भरी चिट्ठी” के बारे में इमरान खान के आरोपों और दावों पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है. शीर्ष अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि अमेरिका पाकिस्तान की स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है. हम पाकिस्तान की संवैधानिक प्रक्रिया और कानून के शासन का सम्मान और समर्थन करते हैं.
पाकिस्तान के पत्रकारों के मुताबिक, इमरान खान ने यह चिट्ठी कुछ दूरी से पत्रकारों को दिखाई और सिर्फ इसकी ऊपरी बातों को ही मीडिया के सामने रखा गया. इस चिट्ठी को जिन पत्रकारों को दिखाया गया, उनमें से एक ने कहा कि यह साफ है कि पाकिस्तान में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए जो घटनाक्रम हो रहा है, उसके बारे में सात मार्च को ही बताया गया था. चिट्ठी में कहा गया था कि अगर अविश्वास प्रस्ताव सफल हो जाता है और इमरान सरकार गिर जाती है तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की समस्याएं कम हो जाएंगी. अगर यह प्रस्ताव नाकाम होता है तो पाकिस्तान को बात मनवाने के लिए दबाव बनाना होगा.
पत्रकारों के मुताबिक, इस चिट्ठी की भाषा धमकाने वाली थी और इमरान सरकार ने इसे कैबिनेट बैठक में सामने रखा. पत्रकार अरशद शरीफ ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि जब यह चिट्ठी कैबिनेट के सामने रखी गई तो पांच से छह मंत्री रोने लगे. प्रधानमंत्री ने खुद चर्चा के दौरान किसी देश या अफसर का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि इस पत्र को सेनाध्यक्ष जनरल कमर जावेद बाजवा और आईएसआई प्रमुख फैज हमीद के साथ साझा किया गया था. उन्होंने कहा कि इस बारे में विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी संसद में बयान भी देंगे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-पाकिस्तान में अविश्वास प्रस्ताव खारिज, इमरान खान ने की संसद भंग करने की सिफारिश
पाकिस्तानी पीएम इमरान खान बोले- मेरे रूस जाने से गुस्से में है एक ताकतवर मुल्क
हार तय देख इमरान खान का नया पैंतरा, विपक्ष के सामने रखा संसद भंग करने का प्रस्ताव
पाकिस्तान: पीएम इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश, 31 मार्च को होगी वोटिंग
Leave a Reply