जबलपुर. एमपी के जबलपुर में भाजपा नेता शराब दुकानों के विरोध में सड़कों पर उतर आए हैं. शहर के उपनगरीय क्षेत्र रांझी के मानेगांव में भाजपा नेताओं ने एक शराब दुकान का विरोध करते हुए तालाबंदी कर दी. उनका कहना है कि जिस जगह शराब दुकान खुल रही है. वह घनी बस्ती के पास है. यहां से कुछ ही दूरी पर एक स्कूल भी स्थित है. इस मार्ग से स्कूली बच्चों का आना-जाना होता है, ऐसे में शराबियों द्वारा बच्चों के साथ छेडख़ानी की आशंका बनी रहती है.
भाजपा नेताओं के प्रदर्शन और हंगामे की जानकारी मिलते ही एसडीएम रांझी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी शिकायत आबकारी विभाग तक पहुंचाई जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि दुकान को बंद कर किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट करने के लिए पत्र लिखा जाएगा.
मंडल अध्यक्ष के साथ चार पार्षद पहुंचे, शराब दुकान में की तालाबंदी
शुक्रवार दोपहर मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सेंगर के साथ चंद्रशेखर वार्ड से भाजपा पार्षद दामोदर सोनी, भगत सिंह वार्ड के पार्षद निशांत, अंबेडकर वार्ड के पार्षद अनुराग और लाला लाजपत राय वार्ड की पार्षद सवित्री शाह मोहनिया गांव पहुंचे. वहां पहुंचकर उन्होंने शराब दुकान के सामने तालाबंदी की. इस दौरान रांझी पुलिस बल भी मौके पर मौजूद था, लेकिन किसी ने भाजपा नेताओं को रोकने का प्रयास नहीं किया. स्थानीय महिलाओं और एक स्कूल की शिक्षिका के साथ मिलकर भाजपा नेताओं ने घंटों तक शराब दुकान के सामने विरोध प्रदर्शन किया.
भाजपा नेताओं का कहना है कि, जिस स्थान पर शराब दुकान खोली जा रही है, वह स्कूल और रिहायशी इलाके के नजदीक है. ऐसे में यहां शराबियों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे महिलाओं और बच्चों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढऩे की आशंका है. इसके अलावा, जिस मार्ग पर यह दुकान स्थित है, वहां से महिलाएं नियमित रूप से गुजरती हैं, जिससे उनके साथ अभद्र व्यवहार की संभावना भी बढ़ जाती है.
स्कूल के पास नहीं खोलने देंगे दुकान
भाजपा मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सेंगर का कहना है कि इससे पहले यह शराब दुकान मोहनिया से बाहर थी. इससे पहले भी जब इस स्थान पर शराब दुकान खुल रही थी, उस दौरान भी स्थानीय लोगों ने विरोध किया था. जिसके बाद शराब दुकान के परशुराम कुंड के पास शिफ्ट कर दिया था. 1 अप्रैल को जैसे ही शराब के नए टेंडर हुए, तो यह शराब दुकान शिफ्ट करने के बाद गांव के अंदर कर दी गई. जिससे किसी को भी अपत्ति नहीं थी. भाजपा मंडल अध्यक्ष का कहना है कि शराब दुकान के पास स्कूल है और यहीं से आने-जाने का रास्ता है. भाजपा नेता का कहना है कि किसी भी कीमत में यहां पर शराब की दुकान खुलने नहीं दी जाएगी.
पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में शराब दुकान पर तालाबंदी
शुक्रवार दोपहर जैसे ही भाजपा नेताओं को शराब दुकान खुलने की जानकारी मिली, वे ताला लेकर मोहनिया स्थित दुकान पहुंच गए और पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में ही दुकान पर तालाबंदी कर दी. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद थे.
अधिकारी बोले- रिपोर्ट बनेगी, निर्णय कलेक्टर लेंगे
सहायक आबकारी आयुक्त रविंद्र कुमार दुबे का कहना है कि रांझी के मोहनिया गांव में नई शराब दुकान खुली है. वहां पर भाजपा नेताओं ने किसी तरह का विरोध किया है, इसकी जानकारी अभी मुझे नहीं है. मौके पर एडीओ को भेजा जा रहा है. अगर शराब दुकान में किसी ने तालाबंदी की है, तो उसकी रिपोर्ट बनाकर कलेक्टर के समक्ष पेश की जाएगी. मोहनियां में शराब दुकान रहेगी, या हटेगी, इस पर निर्णय कलेक्टर ही लेंगे. इधर रांझी एसडीएम का कहना है कि शराब दुकान से संबंधित मामले को लेकर आबकारी विभाग से चर्चा की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-




