पलपल संवाददाता, सतना। एमपी के सतना स्थित जैतवारा थाना परिसर में देर रात आए नकाबपोश बदमाश ने प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर थाना का स्टाफ बाहर आया तो देखा कि प्रिंस गर्ग खून से लथपथ हालत में पड़ा रहा, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात उस वक्त हुई है जब प्रिंस गर्ग खाना खाने की तैयारी कर रहा था। आवाज आने पर बाहर आया तो नकाबपोश बदमाश ने गोली मार दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग थाना परिसर में बने बैरक में रहता है। बीती रात 12 बजे के लगभग ड्यूटी से लौटकर अपने कमरे में पहुंचा। जहां पर प्रिंस खाना खाने की तैयारी कर रहा था। इस दौरान आवाज सुनी तो कमरे से बाहर आ गया। जैसे ही बाहर आया तो सामने खड़े नकाबपोश बदमाश ने कट्टा निकालकर प्रिंस गर्ग पर फायर कर दिया। कंधे में गोली लगते ही प्रिंस वहीं पर गिर गया। गोली चलने की आवाज सुनकर थाना में ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मी दौड़कर बाहर आए तो देखा कि प्रिंस गर्ग खून से लथपथ पड़ा है। सभी ने प्रिंस गर्ग को उठाकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने भरती कर लिया। सीटी स्कैन में प्रिंस के शरीर में गोली नहीं दिखी है। इसके बाद डाक्टरों ने प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही सतना एसपी आशुतोष गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नकाबपोश आरोपी की पहचान कर तलाश शुरु कर दी है। पुलिस की टीमें आरोपी को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस को संदेह है कि गोली मारने वाला युवक मेहुती निवासी आदर्श शर्मा उर्फ पच्चू है। कुछ दिन पहले प्रिंस ने उसकी गाड़ी थाने में खड़ी कराई थी। इस बात को लेकर वह नाराज था। इस घटना को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि सतना जिले के जैतवारा थाने में बदमाशों ने थाने में घुसकर आरक्षक प्रिंस गर्ग को सीने में गोली मार दी। मध्यप्रदेश की जनता भगवान भरोसे ही है। इस दुखद घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।




