MP : जबलपुर में नर्मदा नदी में डूबने से पुलिस कर्मियों के दो बेटों की मौत, कालीघाट में हादसा, दोस्तों के साथ नहाने पहुंचे थे

MP : जबलपुर में नर्मदा नदी में डूबने से पुलिस कर्मियों के दो बेटों की मौत, कालीघाट में हादसा, दोस्तों के साथ नहाने पहुंचे थे

प्रेषित समय :20:06:41 PM / Mon, May 12th, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर


पलपल संवाददाता, जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित नर्मदा नदी के काली घाट में आज दोपहर 12 बजे के लगभग पुलिस कर्मियों के दो बेटों की डूबने से मौत हो गई। दोनों लड़के अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ कालीघाट में नहा रहे थे, इस दौरान गहराई में जाकर डूब गए। खबर मिलते ही ग्वारीघाट थाना पुलिस व गोताखोर पहुंच गए, जिन्होने दोनों को तलाश कर निकाल लिया। उस वक्त दोनों की मौत हो चुकी थी। 
                              खबर है कि बरेला निवासी सुमित दुबे व बृजेंद्र मरकाम अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ नर्मदा स्नान के लिए मोटर साइकल से नर्मदा नदी के कालीघाट पहुंचे। जहां पर सभी पांचो दोस्त नहा रहे थे। नहाते-नहाते सुमित और बृजेंद्र गहराई में जाकर डूबने लगे। दोस्तों ने देखा तो शोर मचाते हुए बचाने की कोशिश की। यहां तक कि आसपास के लोगों ने भी प्रयास किए लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण दोनों लड़के बह गए और आगे जाकर गुम हो गए।  सुमित व ब्रजेन्द्र के डूबने की खबर मिलते ही ग्वारीघाट थाना पुलिस व गोताखोर टीम पहुंच गई, जिन्होने तलाश शुरु कर दी। दोनों घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर मिले, जिन्हे बाहर निकाला उस वक्त तक दोनों की सांसे थम चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिजन, रिश्तेदारों सहित अन्य लोग पहुंच गए, जिन्होने सुमित व ब्रजेन्द्र को देखा तो उनकी आंखे नम हो गई। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि 17 वर्षीय सुमित दुबे व बृजेंद्र मरकाम ने 12वीं कक्षा पास की है। सुमित के पिता ग्वारी घाट थाने में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। जबकि बृजेंद्र के पिता संतोष मरकाम पन्ना जिले में सब इंस्पेक्टर के पद पर हैं। ग्वारी घाट थाना पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-