जबलपुर में कार सवार युवकों ने मोटर साइकल चालक को पीटा, बाइक की टक्कर लगने से थे नाराज

जबलपुर में कार सवार युवकों ने मोटर साइकल चालक को पीटा, बाइक की टक्कर लगने से थे नाराज

प्रेषित समय :15:26:54 PM / Mon, Nov 10th, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित गढ़ा क्षेत्र में कार सवार चार युवकों ने मोटर साइकल सवार युवक की जमकर पिटाई कर दी। इस मामले का एक वीडियो आज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें नशे में धुत युवक सड़क किनारे मोटर साइकल सवार युवक को पीट रहे है। 
                         बताया गया है कि गढ़ा क्षेत्र में कार में सवार चार युवक शराब पी रहे थे। इसी दौरान विजय नाम का युवक अपनी बाइक से जा रहा था, जो उनकी कार से हल्का टकरा गया। इस टक्कर में न तो कार को नुकसान हुआ और न ही किसी को चोट आईए लेकिन कार में बैठे युवक इतने नाराज हो गए कि वे नीचे उतर आए और विजय  के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता विजय ढीमर ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई अजय से मिलने के लिए अंधमूक बायपास की ओर जा रहा था। इस दौरान त्रिपुरी चौक के पास सड़क किनारे एक कार खड़ी थी, जिसमें कुछ युवक बैठकर शराब पी रहे थे। विजय ने बताया कि उसी समय एक ऑटो चालक ने कार में स्क्रैच मार दिया और फिर उसकी बाइक कार से हल्की टकरा गई। इसी दौरान कार से दो युवक संतोष चक्रवर्ती और जीतू चक्रवर्ती बाहर निकले। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए कहा कि कार में स्क्रैच क्यों मारा। विजय ने जवाब दिया कि कार में स्क्रैच ऑटो वाले ने मारा है। इतना सुनते ही दोनों युवक भड़क गए और विजय की पिटाई करते हुए कार ठीक कराने की धमकी देने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने भी बताया कि कार को टक्कर ऑटो ने मारी थी। इसके बावजूद दोनों युवक लगातार पीडि़त को पीटते रहे। आज सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद गढ़ा पुलिस ने तुरंत मामले को संज्ञान में लिया। सीएसपी आशीष जैन ने बताया कि यह घटना गंभीर है। गढ़ा थाना पुलिस ने आरोपियों संतोष चक्रवर्ती और जीतू चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-