बरगी डेम कू्रज हादसे को लेकर कांग्रेसियों ने की कलेक्टर से मुलाकात, बोले ,प्रशासन मान रहा है सामान्य घटना

बरगी डेम कू्रज हादसे को लेकर कांग्रेसियों ने की कलेक्टर से मुलाकात, बोले ,प्रशासन मान रहा है सामान्य घटना

प्रेषित समय :20:10:31 PM / Mon, May 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में हुए क्रूज हादसे में 13 लोगों की मौत के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। आज कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह से मिला और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
                               कलेक्ट्रेट में करीब एक घंटे चली बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि न तो दोषियों के खिलाफ कोई ठोस निर्णय लिया गया और न ही यह स्पष्ट किया गया कि हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है। कांग्रेस ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया, पूर्व मंत्री तरुण भनोत, पूर्व विधायक संजय यादव, शहर अध्यक्ष सौरभ शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी शामिल रहे। पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया ने कहा कि पर्यटन विभाग एक ओर जहां कमाई में लगा है, वहीं जिम्मेदारों पर कार्रवाई से बच रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मौसम विभाग ने पहले से येलो अलर्ट जारी किया था, तो क्रूज संचालन क्यों नहीं रोका गया। उन्होंने अन्य घटनाओं का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में कई हादसों में मौतें होती हैं, लेकिन जिम्मेदारी तय नहीं की जाती। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है। मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-