जबलपुर में खाद्य अधिकारी देवेन्द्र कुमार दुबे सस्पेंड, सीएम हैल्प लाइन में शिकायत के बाद कार्रवाई

जबलपुर में खाद्य अधिकारी देवेन्द्र कुमार दुबे सस्पेंड, सीएम हैल्प लाइन में शिकायत के बाद कार्रवाई

प्रेषित समय :02:27:14 AM / Fri, May 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उक्त कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर की गई है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त कार्यालय ने जबलपुर में पदस्थ  शिकायतकर्ता विनीत कुमार ने हर्बल इंडिया कॉरपोरेशन कंपनी पनागर के फूड लाइसेंस आवेदन पर समय सीमा के भीतर उचित कार्रवाई न करने और घोर लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए थे।
                    विभागीय जांच में पाया गया कि 09 जनवरी को किए गए आवेदन पर लगभग 5 महीने बीत जाने के बाद भी 28 मई तक लाइसेंस केवल निरीक्षण स्तर पर लंबित रखा गया था। संयुक्त नियंत्रक टीना यादव द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में देवेंद्र कुमार दुबे का नया मुख्यालय जिला दमोह निर्धारित किया गया है। शिकायतकर्ता विनीत कुमार ने अपनी कंपनी के लाइसेंस के लिए सीएम हेल्पलाइन में शिकायत क्रमांक 36675858 दर्ज कराई थी। इस शिकायत में स्पष्ट रूप से उल्लेख था कि हर्बल इंडिया कॉरपोरेशन पनागर का फूड लाइसेंस आवेदन नंबर 20260109108169389 लंबे समय से विभाग के पास लंबित पड़ा हुआ है। प्रशासनिक जांच के दौरान यह गंभीर बात सामने आई कि संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार दुबे ने इस महत्वपूर्ण लाइसेंस आवेदन पत्र पर तय समय सीमा के भीतर न तो कोई ठोस कदम उठाया और न ही शिकायतकर्ता की समस्या का कोई उचित समाधान खोजने की कोशिश की। नियमानुसार किसी भी लाइसेंस आवेदन का निराकरण अधिकतम 60 दिनों की अवधि में होना अनिवार्य होता है, लेकिन यहां नियमों की पूरी तरह अनदेखी की गई। इतने लंबे समय तक आवेदन को लंबित रखना वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कार्य के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और राजकीय कर्तव्यों के उल्लंघन के रूप में देखा गया, जो पूरी तरह से कदाचरण की श्रेणी में आता है. इसी वजह से विभाग ने शासकीय नियमों के तहत यह कड़ी कार्रवाई की है। 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-