जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित गोहलपुर क्षेत्र में आवारा कुत्ते ने अचानक एक युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक को शरीर पर कई जगह गंभीर घाव आए। स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में देखा तो जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई। गोहलपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
बताया गया है कि गोहलपुर क्षेत्र में एक युवक देर रात निकल रहा था, इस दौरान आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आई, स्थानीय लोगों ने देखा तो कुत्ते को भगाते हुए उसे तत्काल विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत उपचार शुरू किया। लेकिन आज सुबह 6 बजे के लगभग युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय और रोष का माहौल है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमला करने वाला श्वान आवारा था या किसी का पालतू कुत्ता, जिसे खुला छोड़ दिया गया था। फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। इसके लिए पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर रही है। साथ ही लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड और गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है, ताकि मृतक के परिजनों तक पहुंचा जा सके।
जबलपुर के गोहलपुर में कुत्ते के हमले से युवक की मौत, शरीर पर कई जगह किए गहरे घाव
प्रेषित समय :13:55:33 PM / Mon, Jun 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




