जबलपुर। एमपी के जबलपुर में दीक्षितपुरा क्षेत्र में रहने वाले दम्पति आशीष जैन व उनकी पत्नी शोभा पर तेजगढ़ जिला दमोह में शाम के वक्त पेड़ गिर गया, हादसे में दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ है जब वे मोटरसाइकल से कुण्डलपुर से लौट रहे थे।
मृतक आशीष जैन के भतीजे शुभम जैन ने बताया कि उनके बुआ और फूफा आज प्रसिद्ध जैन तीर्थ क्षेत्र कुंडलपुर में बड़े बाबा के दर्शन करने गए थे। वहां से दर्शन लाभ लेकर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे और सोमवार शाम को उन्हें तेजगढ़ स्थित अपने रिश्तेदार के घर आना था। इसी दौरान रास्ते में परासई गांव के पास वे इस हादसे का शिकार हो गए। परिजनों ने बताया कि परासई में एक पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े एक सूखे पेड़ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी थी। आग की वजह से पेड़ अंदर ही अंदर जलकर खोखला हो चुका था। जैसे ही आशीष जैन अपनी पत्नी के साथ वहां से गुजरे, पेड़ की एक जलती हुई बड़ी डाल अचानक टूटकर सीधे उनके ऊपर आ गिरी। डाल सीधे सिर और शरीर पर गिरने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तेजगढ़ थाना पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयानों के आधार पर मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए सौंपा जाएगा। पुलिस पेड़ में आग लगाने वाले अज्ञात आरोपी की भी तलाश कर रही है। वह जबलपुर के दीक्षित पुरा में मेडिकल स्टोर चलाते थे। दंपत्ति का एक बेटा और बेटी है, दोनों की शादी हो चुकी है।
जबलपुर के जैन दम्पति की पेड़ गिरने से मौत, कुण्डलपुर से लौटते वक्त हादसा, अज्ञात युवक ने सूखे पेड़ पर लगाई थी आग,
प्रेषित समय :20:04:31 PM / Mon, Jun 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




