जबलपुर। एमपी के जबलपुर शहर में दिनों दिन गहराते जा रहे जलसंकट व अघोषित बिजली कटौती को लेकर अब कांग्रेस मुखर हो गई है। बीती शाम पूर्व पार्षद जितिन राज और शहर जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव अनु तिवारी के नेतृत्व में साईं बाबा मंदिर से दमोहनाका चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन किया।
जुलूस का नेतृत्व कर रहे सौरभ शर्मा, जितिन राज व अनु तिवारी ने कहा कि जबलपुर की जनता इस समय दोहरी मार झेल रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिना किसी पूर्व सूचना के घंटों बिजली गुल रहने से छात्र, व्यापारी, बुजुर्ग और मरीज बेहाल हैं। बिजली के साथ-साथ शहर में पेयजल संकट भी गहरा गया है। कई इलाकों में बूंद-बूंद पानी के लिए लोग परेशान हैं, तो कहीं गंदे और दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर का बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह चरमरा चुका है। जर्जर पोल, पुराने तार और ओवरलोडेड ट्रांसफॉर्मर के कारण आए दिन ट्रिपिंग हो रही है। स्मार्ट मीटरों के कारण उपभोक्ताओं को मनमाने और त्रुटिपूर्ण भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम की बदहाल ड्रेनेज और सीवर व्यवस्था के कारण हल्की बारिश में ही सड़कें तालाब बन रही हैं, लेकिन प्रशासन मौन साधे बैठा है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अघोषित बिजली कटौती पर रोक और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इसके साथ ही जनहित में बिजली विभाग और नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर तालाबंदी की जाएगी।
जबलपुर में बिजली-पानी के संकट पर कांग्रेस ने निकाला मशाल जुलूस, जमकर की नारेबाजी
प्रेषित समय :09:21:12 AM / Mon, Jun 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




