जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल से गुजर रही अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में यात्रा कर रही चार बच्चों की मां के रहस्यमय ढंग से लापता होने से रेलवे प्रशासन और जीआरपी में हड़कंप मच गया है। महिला अपने पिता और चार बच्चों के साथ एसी कोच में सफर कर रही थी, लेकिन यात्रा के दौरान अचानक अपनी सीट से गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो कटनी रेलवे स्टेशन पर इसकी सूचना जीआरपी को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर रेल पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है और महिला की तलाश के लिए विभिन्न रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार लापता महिला की पहचान अंजलि यादव के रूप में हुई है। वह अपने पिता अशोक यादव और चार बच्चों के साथ अहमदाबाद से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 19489 में सफर कर रही थीं। यात्रा के दौरान अचानक वह अपनी सीट से गायब हो गईं। पहले परिजनों ने पूरे कोच और ट्रेन में उनकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कटनी स्टेशन पहुंचने पर घटना की सूचना जीआरपी को दी गई।
मामले की सूचना मिलते ही जबलपुर रेल मंडल की जीआरपी सक्रिय हो गई। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए ट्रेन के मार्ग में आने वाले प्रमुख रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। प्रारंभिक जांच में मैहर रेलवे स्टेशन के फुटेज की जांच की गई, लेकिन वहां महिला दिखाई नहीं दी। इसके बाद जांच का दायरा सागर और दमोह रेलवे स्टेशनों तक बढ़ाया गया।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला की अंतिम लोकेशन दमोह स्टेशन के आसपास मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद मामले की डायरी आगे की कार्रवाई के लिए दमोह जीआरपी को भेजने की तैयारी की जा रही है। रेलवे पुलिस की टीमें विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों से पूछताछ करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों से महिला की तलाश में जुटी हुई हैं।
रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर सुरेंद्र सिंह कनेश ने बताया कि महिला के पिता द्वारा कटनी जीआरपी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। महिला के अचानक लापता होने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना, अपहरण अथवा स्वेच्छा से ट्रेन छोड़ने सहित हर संभावना को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। जबलपुर रेल मंडल की जीआरपी विभिन्न जिलों की पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के साथ समन्वय बनाकर महिला की तलाश में जुटी है। अधिकारियों को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है।
फिलहाल इस घटना ने जबलपुर रेल मंडल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। चलती ट्रेन से एक महिला का अचानक लापता हो जाना यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला माना जा रहा है। जीआरपी का कहना है कि महिला की तलाश प्राथमिकता के आधार पर जारी है और जैसे ही कोई ठोस जानकारी मिलेगी, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-




