जबलपुर। एमपी के जबलपुर में शहपुरा पुल टूटने के बाद पाटन मार्ग पर बढ़े भारी वाहनों के दबाव और लगातार हो रहे सड़क हादसों के विरोध में आज पाटन चौराहे पर सैकड़ों लोगों ने चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर वाहन खड़े कर जबलपुर, कटंगी, दमोह और शहपुरा मार्ग पर यातायात रोक दिया, जिससे लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस और एसडीएम मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर यातायात बहाल कराने की कोशिश की।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य ठाकुर उदय भान सिंह ने किया। उनका कहना है कि करीब छह महीने पहले जबलपुर-भोपाल मार्ग पर शहपुरा का पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद भारी वाहनों का ट्रैफिक पाटन होकर डायवर्ट कर दिया गया। इसके बाद से इस मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले छह महीनों में 40 से अधिक लोगों की जान सड़क हादसों में जा चुकी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि करोड़ों रुपए की लागत से बना शहपुरा फ्लाईओवर कुछ ही महीनों में क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण भोपाल से जबलपुर आने-जाने वाले भारी वाहन अब पाटन कस्बे से गुजर रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों को रोजाना जाम, धूल और दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
18 अगस्त तक दिया अल्टीमेटम-
ठाकुर उदय भान सिंह ने कहा कि जबलपुर-पाटन फोरलेन परियोजना स्वीकृत हो चुकी है और इसके लिए बजट भी मंजूर है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब सरकार को 18 अगस्त तक का अल्टीमेटम दिया गया है। यदि तब तक मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को भी परियोजना की जानकारी है, इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जा रहा। इसी कारण लोगों को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
Source : palpalindia
ये भी पढ़ें :-
जबलपुर में शहपुरा पुल बंद होने से भड़का आक्रोश, पाटन चौराहा पर चकाजाम कर प्रदर्शन,
प्रेषित समय :15:04:16 PM / Thu, Aug 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




