जबलपुर। एमपी के जबलपुर में बिलहरी में शराब दुकान को हटाने चल रहे विरोध प्रदर्शन के चलते अब स्थानीय महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। आज महिलाओं ने नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए दुकान के बाहर सांकेतिक रुप से ताला लगाकर हटाने की मांग की है। महिलाओं का आरोप है कि दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है और तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते हैं।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि इस बार दुकान का ताला किसी भी कीमत पर नहीं खुलने दिया जाएगा। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दुकान सुबह 8 बजे से देर रात तक खुली रहती है। उनका कहना है कि देर रात तक यहां असामाजिक तत्व शराब पीते हैं, जिससे राह चलती महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ और बदसलूकी की घटनाएं होती हैं। महिलाओं ने बताया कि वे पिछले 2 साल से इस समस्या का सामना कर रही हैं। इस संबंध में कई बार स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायतें की गईं और ज्ञापन भी दिए गए, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शराब की लत के कारण कई परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से शराब दुकान को आवासीय क्षेत्र से हटाने की मांग की है। महिलाओं ने कहा कि अगर दुकान को यहां से नहीं हटाया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगी। उनका कहना है कि दुकान के कारण क्षेत्र में महिलाओं और परिवारों को परेशानी हो रही है। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला प्रशासन के संज्ञान में ला दिया गया है। पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है।
जबलपुर के बिलहरी में शराब दुकान हटाने अब महिलाएं आगे आई, प्रदर्शन कर लगाया ताला
प्रेषित समय :19:07:05 PM / Sun, Aug 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




