जबलपुर। एमपी के जबलपुर में मझौली से गुबरा जाने वाले मार्ग पर आज सुबह रानीताल कटाव स्थित हिरन नदी के पुल पर पाउडर से लदा ट्रक फंस गया। ट्रक की कमानी-पट्टे टूटने के बाद वह पुल के बीचोंबीच खड़ा हो गया, जिससे दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई।
ट्रक क्रमांक एमपी 34 एच 1631 राजस्थान से पाउडर लेकर कटनी की ओर जा रहा था। सुबह करीब 7 बजे पुल पर पहुंचते ही अधिक भार के कारण उसकी कमानी और पट्टे टूट गए। इसके बाद ट्रक आगे नहीं बढ़ सका। मार्ग बंद होने के कारण मझौली, गुबरा, दमोह और सागर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को ढोला-पोला रोड से होकर जाना पड़ रहा है। इससे उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों का कहना है कि मार्ग बाधित होने के बावजूद मौके पर मझौली थाने का कोई पुलिसकर्मी या प्रशासनिक अधिकारी नजर नहीं आया। ट्रक को हटाने और यातायात बहाल करने को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। स्थानीय लोगों ने जल्द ट्रक हटाकर मार्ग पर यातायात बहाल कराने की मांग की है।
जबलपुर में हिरन नदी पुल पर फंसा ट्रक, मझौली-गुबरा मार्ग बंद, कमानी-पट्टे टूटने से आवागमन बाधित
प्रेषित समय :17:54:56 PM / Mon, Aug 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



