जबलपुर में एसपी की पाठशाला के 10 छात्र बने सब-इंस्पेक्टर, एसपी सम्पत उपाध्याय ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

जबलपुर में एसपी की पाठशाला के 10 छात्र बने सब-इंस्पेक्टर, एसपी सम्पत उपाध्याय ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

प्रेषित समय :18:28:21 PM / Mon, Sep 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


जबलपुर। एमपी के जबलपुर में पुलिस की पहल एसपी की पाठशाला एक बार फिर सफल रही है। पुलिस लाइन में दी जा रही इस मुफ्त कोचिंग में पढ़ाई और शारीरिक प्रशिक्षण लेने वाले 10 अभ्यर्थियों का चयन मध्य प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर (एसआई) के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि पर आज पुलिस कंट्रोल रूम में एक कार्यक्रम हुआ। इसमें पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने सभी चुने गए युवाओं को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
                                  सम्मानित होने वालों में काजल गुप्ता, अंजनी भूमिया, सुप्रिया यादव, स्मिता ठाकुर, प्रयास नामदेव, अनुराग तंतुवाय, योगेश सिंह राजपूत, शुभम सिंह शामिल हैं। इनके अलावा जीआरपी जबलपुर के आरक्षक आशीष आर्य और दिल्ली पुलिस की महिला आरक्षक प्रीति पटेल भी हैं। इस मौके पर एएसपी शहर डॉ. आयुष जाखड़ और एएसपी मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा भी उपस्थित थे। एसपी उपाध्याय ने कहा कि कड़ी मेहनत से ही यह मुकाम हासिल हुआ है। एसपी की पाठशाला की शुरुआत साल 2020 में उस समय के एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने की थी। यह पुलिस परिवार और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं और मैदानी ट्रेनिंग के लिए मुफ्त सुविधा देती है। इसके अच्छे मार्गदर्शन का पता इसी बात से चलता है कि साल 2021 से अब तक कुल 359 अभ्यर्थी अलग-अलग सरकारी नौकरियों में चुने जा चुके हैं। अकेले साल 2026 में ही अब तक 133 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। अभी इस पहल से 120 विद्यार्थी थ्योरी और 50 अभ्यर्थी फिजिकल क्लास का फायदा ले रहे हैं। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों, अलग-अलग सरकारी विभागों के विशेषज्ञों और रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य की देखरेख में पुलिस विभाग के योग्य अधिकारी-कर्मचारी बिना किसी स्वार्थ के विभिन्न विषयों और शारीरिक क्षमता की ट्रेनिंग दे रहे हैं।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-