जबलपुर। कोतवाली थाना अंतर्गत छोटी देवन दीक्षितपुरा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली और शर्मनाक घटना सामने आई है। नशे में धुत एक बेरोजगार बेटे ने सिर्फ इसलिए अपने घर में तांडव मचा दिया, क्योंकि उसकी मां ने उसे 10 लाख रुपए देने से इनकार कर दिया था। आरोपी ने न केवल अपनी 55 वर्षीय मां के साथ अभद्रता की, बल्कि बीच-बचाव करने आई अपनी बहन को भी पीट-पीटकर घायल कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटी देवन दीक्षितपुरा निवासी रश्मि बाजपेई (उम्र 55 वर्ष) का बादशाह हलवाई मंदिर के पास वसीम जी की बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल पर फ्लैट है। इसी फ्लैट में उनका बेटा दुर्गेश बाजपेई रहता है, जो कोई भी काम-धंधा नहीं करता और पूरी तरह आवारागर्दी में लिप्त है। हाल ही में जून 2026 में परिवार की कुछ जमीन बिकी थी, जिससे मिले 30 लाख रुपए दुर्गेश ने व्यापार शुरू करने के नाम पर लिए थे। लेकिन उसने वह सारी रकम अपनी ऐशो-आराम और फिजूलखर्ची में उड़ा दी। इसके बाद रश्मि बाजपेई खुद सब्जी मंडी की दुकानों पर आलू-प्याज का कारोबार कर अपने परिवार का गुजारा चला रही हैं। बीती रात दुर्गेश अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी मां से अचानक 10 लाख रुपए की मांग करने लगा। मां रश्मि ने उसे यह कहते हुए पैसे देने से साफ इनकार कर दिया कि घर में दो बेटियां हैं, जिनकी शादी करनी है और उनके पास अब अतिरिक्त रुपए नहीं हैं। इनकार से भड़का आरोपी दुर्गेश आपा खो बैठा। उसने अपनी मां रश्मि बाजपेई के साथ बदसलूकी करते हुए गालियां दीं और घर का सामान तोड़ना शुरू कर दिया। जब उसकी बहन प्रिया ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे प्रिया के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान घर के अंदर मचा शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी और लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। भीड़ को इकट्ठा होता देख आरोपी दुर्गेश जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।घटना के तुरंत बाद पीड़ित मां रश्मि बाजपेई ने थाना कोतवाली पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस की टीमें आरोपी दुर्गेश को गिरफ्तार करने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
जबलपुर में नशेड़ी बेटे ने 10 लाख रुपए के लिए मां से गाली-गलौज और बहन से मारपीट, घर में की तोड़फोड़
प्रेषित समय :17:36:11 PM / Thu, Oct 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




