जबलपुर के शातिर चोरों ने मंडला को बनाया था अपना ठिकाना, करते रहे चोरी की वारदातें, 6 गिरफ्तार,

जबलपुर के शातिर चोरों ने मंडला को बनाया था अपना ठिकाना, करते रहे चोरी की वारदातें, 6 गिरफ्तार,

प्रेषित समय :19:51:55 PM / Thu, Oct 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर/मंडला। मंडला के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. डॉली चौधरी के घर हुई 25 लाख रुपए की बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने जबलपुर के 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने-चांदी के जेवर, हीरे की अंगूठियां और 80 हजार रुपए नकद समेत लगभग 15 लाख रुपए का मशरूका (सामान) जब्त किया है।
                                                          पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जबलपुर के शातिर आरोपी सूरज डुमार, महेंद्र पटेल उर्फ पिल्लू और शुभम जायसवाल अपने तीन अन्य साथियों के साथ मंडला आते थे। यहां वे घरों की रेकी करने के बाद चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने 8 अक्टूबर को डॉ. डॉली चौधरी के घर में धावा बोलकर करीब 25 लाख रुपए के जेवरात और अन्य कीमती सामान चुराए थे। मंडला पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और छानबीन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को जबलपुर से दबोच लिया। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन आरोपियों ने शहर में और किन-किन जगहों को निशाना बनाया है। शुरुआती जांच में सितंबर और अक्टूबर के दौरान सुरेंद्र कुमार रजक, विशाल कुमार दुबे और डॉ. राहुलदेव धार्या के घरों में हुई चोरी की वारदातों में भी इन्हीं आरोपियों के शामिल होने का संदेह है, जिसके संबंध में उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान एक अहम खुलासा यह भी हुआ है कि चोरों ने चुराए गए कुछ कीमती आभूषणों को जबलपुर में ही गलवा दिया था, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस ने आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी कुंडली खंगाली है, जिसके अनुसार मुख्य आरोपी महेंद्र पटेल पर 17, सूरज डुमार पर 25 और शुभम जायसवाल पर 15 आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। फिलहाल, पुलिस अन्य मामलों में बरामदगी और पूछताछ के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-