जबलपुर। एमपी के जबलपुर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक ही दिन में वारदातों को अंजाम दिया है। थाना गढ़ा, खितौला और ओमती क्षेत्रों में चेन स्नेचिंग, मंगलसूत्र लूट, मोबाइल झपटने और वाहन सवार से लूट की चार गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
वृद्धा को धक्का देकर सोने की चेन लूटी-
श्रीमती कौशल्या पटेल उम्र 70 वर्ष निवासी शिमला हिल्स, गढ़ा बीती शाम करीब 4 बजे अपनी पड़ोसिनों के साथ तिलवारा घाट दर्शन करने गई थीं। वापस लौटते समय शारदा चौक के आगे दुर्गा मंदिर तिराहा पर ऑटो से उतरकर पैदल अपने घर जा रही थीं। जैसे ही शिमला हिल्स की चढ़ाई में पप्पू अंडे वाले के सामने पहुंचीं, तभी सामने से काले रंग की मोटरसाइकिल पर 2 युवक उम्र लगभग 20-25 वर्ष आए। आगे बैठे लड़के ने कपड़े से मुंह बांध रखा था और पीछे वाले ने टोपी पहनी थी। उन्होंने वृद्धा से गले की चेन उतारने को कहा। मना करने पर आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और गले से सोने की चेन लूटकर एलआईसी की तरफ फरार हो गए। पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
निर्माणाधीन मकान के पास महिला का मंगलसूत्र झपटा-
मोनू परौहा निवासी चर्च कॉलोनीा खितौला शाम करीब 5.30 बजे अपनी देवरानी के घर गई थीं और शाम करीब 7.30 बजे अपने बेटे वेदांश के साथ घर लौट रही थीं। पालीवाल कॉलोनी में राजा मौर्य के निर्माणाधीन मकान के सामने पहुंचते ही 3 लड़के एक मोटरसाइकिल पर आए। मोटरसाइकिल चला रहे लड़के ने उनके गले में पहना हुआ मंगलसूत्र (जिसमें एक पेंडल, 6 सोने की गुरिया, काले मोती और अलग से काला धागा था) झपट लिया। इसके बाद तीनों खितौला बाजार की तरफ भाग निकले। पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
शहडोल से आए व्यक्ति का मोबाइल छीना-
ओमती में विपिन कुमार सोनी उम्र 30 वर्ष, निवासी बुढ़ार शहडोल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 2 अक्टूबर 2026 को सर्वाइकल के इलाज के लिए अच्छे डॉक्टर की तलाश में जबलपुर आए थे। मुन्ना पान भंडार के पास रात करीब 8:30 बजे गूगल मैप देखते हुए रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे थे, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर आए 2 लड़कों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया। पीछे बैठा लड़का दुबला-पतला और सफेद चेकदार शर्ट पहने था। इसके बाद वह अपने घर शहडोल चले गए थे, और अब रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
कार चालक से मोबाइल और नकदी की लूट-
थाना गढ़ा में आशीष पटेल (निवासी बीझावाड़ा रोड, डूंडासिवनी) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे मशीनरी सुधारने का काम करते हैं। 14 अक्टूबर की शाम करीब 4:30 बजे अपनी कार (क्रमांक एमपी 20 एक्ससी 4006) से छोटी लाइन से अपने घर लौट रहे थे। पिसनहारी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रही एक्सिस स्कूटी, जिस पर एक महिला और चालक सवार थे (महिला पीछे बैग टांगे थी), कार के दरवाजे से टच होकर गिर गई। चालक और महिला के गिरने पर आशीष उन्हें उठाने के लिए उतरे। इसी दौरान स्कूटी चालक ने उठकर उनकी कार की चाबी निकालने की कोशिश की और कार में रखा ओप्पो कंपनी का मोबाइल तथा 1,600 रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खाकी को चुनौती, जबलपुर में एक ही दिन में चेन स्नेचिंग, लूट और झपटमारी की चार वारदातें
प्रेषित समय :17:28:42 PM / Thu, Oct 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




