रांझी में 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी, प्लॉट के नाम पर ठगी करने वाले भूमाफिया रमनीत सेठी पर FIR दर्ज

रांझी में 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी, प्लॉट के नाम पर ठगी करने वाले भूमाफिया रमनीत सेठी पर FIR दर्ज

प्रेषित समय :18:00:13 PM / Thu, Oct 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


जबलपुर। शहर के रांझी स्थित टेमर भीटा इलाके में प्लॉट दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता सरोज राय की शिकायत पर गोराबाजार पुलिस ने जांच के बाद जीकेएस कंस्ट्रक्शन कंपनी के संचालक और भूमाफिया रमनीत सेठी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

                                    पुलिस के अनुसार, आरोपी रमनीत सेठी ने सरोज राय को टेमर भीटा में 1,000 वर्ग फीट का एक प्लॉट दिखाया था। दोनों के बीच इस जमीन का सौदा 17 लाख रुपये में तय हुआ था। सौदे के वक्त महिला ने कानूनी व रजिस्टर्ड दस्तावेजों के आधार पर आरोपी को 10 लाख रुपये बतौर एडवांस जमा करा दिए थे। कागजी समझौते के तहत आरोपी को एक साल के भीतर प्लॉट की रजिस्ट्री करानी थी। हालांकि, तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी रमनीत सेठी ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पीड़िता के पैसे लौटाए। जब पीड़िता ने बार-बार संपर्क किया, तो आरोपी टालमटोल करता रहा। लगातार हो रही धोखाधड़ी और मानसिक परेशानी से तंग आकर सरोज राय ने आखिरकार गोराबाजार थाने में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच की और आरोप सही पाए जाने पर आरोपी रमनीत सेठी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-