नगर प्रतिनिधि ,जबलपुर। पत्नी के चरित्र पर संदेह कर मारपीट और प्रताड़ना करने का मामला घमापुर थाना क्षेत्र में सामने आया है। आरोप है कि पति ने मायके में रह रही पत्नी के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। विरोध करने पर मायके के परिजनों को भी धमकियां दीं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पूर्णिमा कटारे की शादी ग्रीनसिटी बरेला निवासी दीपक कटारे से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दीपक पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पूर्णिमा अपनी बेटी को साथ लेकर मायके घमापुर में रहने लगी थी। वह मायके में रहकर अपनी बेटी के साथ जीवन व्यतीत कर रही थी।
मायके पहुंचकर की मारपीट
बताया गया कि पिछले दिनों दीपक घमापुर स्थित मंगल पराग ग्राउंड के पास पत्नी के मायके पहुंचा। यहां उसने पूर्णिमा के साथ गाली-गलौज करते हुए उसके चरित्र पर लांछन लगाए। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे मायके के परिजनों को भी धमकियां देने का आरोप है।
शोर सुनकर पहुंचे लोग, आरोपी फरार
मारपीट के दौरान घर से आ रही आवाजें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देखकर आरोपी दीपक वहां से भाग निकला। घटना में पूर्णिमा के शरीर पर चोटें आईं। इसके बाद महिला घमापुर थाने पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।घमापुर थाना पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए आरोपी दीपक कटारे की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और महिला की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।




