जबलपुर में फ्लाईओवर पर मौत का तांडव, हाईवा के कुचलने से एक्टिवा सवार युवक की मौत

जबलपुर में फ्लाईओवर पर मौत का तांडव, हाईवा के कुचलने से एक्टिवा सवार युवक की मौत

प्रेषित समय :17:12:08 PM / Fri, Oct 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


जबलपुर। एमपी के जबलपुर में मदनमहल फ्लाईओवर पर शुक्रवार तड़के रूह कंपा देने वाला एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार और मौत बनकर दौड़ रहे एक बेलगाम रेत से भरे हाईवा ट्रक ने एक्टिवा सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस खौफनाक टक्कर में एक्टिवा के परखच्चे उड़ गए और सड़क खून से सन गई। हादसे में 26 वर्षीय एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। 
                     बताया गया है कि तीन दोस्त शरद उर्फ बड्डू बर्मन निवासी लटकारी का पड़ाव, फूलमंडी, लार्डगंज, अंकित झारिया और अमन केसरवानी एक निजी काम के सिलसिले में अमन की एक्टिवा पर सवार होकर देवताल स्थित अमन की बुआ के घर जाने के लिए निकले थे। गाड़ी अमन केसरवानी चला रहा था, जबकि उसके पीछे शरद और अंकित बैठे थे। रात के करीब 3:30 बज रहे थे और फ्लाईओवर पर सन्नाटा पसरा हुआ था। जैसे ही उनकी एक्टिवा मदनमहल फ्लाईओवर के ऊपर रोटरी पार कर रही थी, तभी मौत बनकर सामने से एक रेत से लदा हाईवा ट्रक काल की तरह प्रकट हुआ। हाईवा के चालक ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक एक्टिवा समेत हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। फ्लाईओवर की डामर वाली सड़क पर गिरते ही चीख-पुकार मच गई। अमन केसरवानी, जो एक्टिवा चला रहा था, सीधे हाईवा की चपेट में आ गया। उसके सिर में गंभीर और घातक चोटें आईं और उसने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
दोस्तों की आंखों के सामने छिन गई सांसें-
इस भयानक हादसे में मृत अमन के साथ पीछे बैठे उसके दोनों दोस्त भी बुरी तरह जख्मी हो गए। रिपोर्ट दर्ज कराने वाले शरद उर्फ बड्डू बर्मन को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं दूसरे साथी अंकित झारिया के बाएं हाथ का अंगूठा इस हादसे में बुरी तरह कुचल गया है। अपने दोस्त को पलक झपकते ही मौत के आगोश में जाते देख दोनों दोस्तों के होश उड़ गए और वे सदमे में हैं।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-