जबलपुर। चरगवां थाना अंतर्गत ग्राम भिड़की में एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। जहां आपसी विवाद के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर जान ले ली। खून के इस खौफनाक खेल ने पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैला दी है।
पुलिस से मिली सनसनीखेज जानकारी के अनुसार, सुकृति बाई उम्र 42 वर्ष का पति नेमचंद भूमिया ठाकुर उम्र 44 वर्ष से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बीती रात 10 बजे जब आरोपी नेमचंद अपनी पत्नी सुकृति के साथ मारपीट कर रहा था, तब भतीजे अभिनंदन भूमिया ठाकुर और उसके पिता राजू भूमिया ने बीच-बवंडर में आकर मामले को शांत करा दिया था। रात करीब 2 बजे जब घर के अंदर से फिर से चीख-पुकार और लडऩे की आवाजें गूंजी, तो भतीजा अभिनंदन और उसके पिता दोबारा मौके पर दौड़े। अंदर का खौफनाक मंजर देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए। आरोपी नेमचंद बेरहमी से अपनी ही पत्नी पर डंडे बरसा रहा था। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण सुकृति बाई लहूलुहान होकर मकान की देहलान में गिर पड़ी। जब भतीजे ने बीच-बवचन करना चाहा, तो सिरफिरे पति ने धमकी दी यह हमारा पति-पत्नी का मामला है, बीच में मत बोलो! डर के मारे वे दोनों वापस लौट आए। सुबह जब भतीजा और उसके पिता लगभग 7.30 बजे दोबारा सुकृति बाई के घर पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सुकृति बाई का शव घर की देहलान में मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। उसके सिर और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान इस बात की गवाही दे रहे थे कि उसकी कितनी दर्दनाक और क्रूरता से हत्या की गई थी। आरोपी पति नेमचंद ने अपनी ही जीवनसंगिनी को डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया था। वारदात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चरगवां श्रीमती सरोजनी चौकसे अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गई। जिन्होने पूछताछ के बाद आरोपी नेमचंद को तलाश करते हुए ग्राम नर्रई से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया। हत्याकांड का खुलासा करने में थाना प्रभारी श्रीमती सरोजनी चौकसे के साथ सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश पटेल, सउनि रामसिंह जाट, प्रधान आरक्षक ओमकार पाठक, आरक्षक विजय बरकड़े, दीपक धारू और विपुल की सराहनीय व उत्कृष्ट भूमिका रही।
मामूली विवाद में लाठी से पीट-पीट कर पत्नी की हत्या, चरगवां के ग्राम भिड़की में घटना से सनसनी
प्रेषित समय :16:08:38 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




