जबलपुर। एमपी के जबलपुर में साठियां कुआं क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अघोरी बाबा मंदिर दर्शन के लिए जा रहे युवक का रास्ता रोककर उसके ही रिश्ते के साले ने पिस्टल से फायर कर दिया। गनीमत रही कि युवक ने भागकर एक घर में छिपकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद से दहशत में आए पीडि़त ने कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटी ओमती के कदम तलैया स्थित लक्ष्मी अण्डे वाली गली के पास रहने वाले 25 वर्षीय सोहिल सोनकर ने बीती रात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सोहिल विक्टोरिया अस्पताल में प्राइवेट कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। पीडि़त ने पुलिस को बताया कि विगत रात्रि करीब 12:05 से 12:30 बजे के बीच वह अपने दोस्त सुमित यादव के साथ वाहन से अघोरी बाबा मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहा था। जैसे ही दोनों युवक साठिया कुआं के पास पहुंचे, तभी पीछे से ओम सोनकर आया, जो रिश्ते में सोहिल का साला लगता है। ओम ने अपनी गाड़ी सोहिल के वाहन के ठीक सामने अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया। गाड़ी रुकते ही आरोपी गाली-गलौज करने लगा और देखते ही देखते उसने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर जान से मारने की नीयत से सोहिल पर एक राउंड फायर कर दिया। अचानक हुई फायरिंग से घबराए सोहिल ने अपनी जान बचाने के लिए वहां से दौड़ लगा दी। आरोपी ओम सोनकर हाथ में पिस्टल लहराते हुए उसके पीछे दौड़ा। खुद को घिरता देख सोहिल पास ही स्थित एक घर के भीतर घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया, वहीं उसका दोस्त सुमित भी मौके से भाग निकला। आरोपी घर के बाहर पिस्टल दिखाते हुए सोहिल को बाहर निकलने की धमकी देता रहा। कुछ देर बाद एक अन्य युवक बाइक लेकर वहां पहुंचा, जिसके पीछे बैठकर आरोपी ओम सोनकर फरार हो गया। हमलावरों के जाने के बाद सोहिल घर से बाहर निकला और अपने दोस्त के साथ सुरक्षित घर पहुंचा। घटना के बाद से वह काफी डरा हुआ था, जिस कारण तत्काल थाने नहीं जा सका। हिम्मत जुटाकर पीडि़त ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी ओम सोनकर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 296 (बी) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
मंदिर जा रहे जीजा पर साले ने फायरिंग, भागकर एक घर में घुसा पीडि़त, साठियां कुआं क्षेत्र में घटना से सनसनी
प्रेषित समय :17:35:47 PM / Mon, Nov 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




