जबलपुर। एमपी के जबलपुर में पाटन रोड पर बाइक सवार वृद्ध भीकमलाल चौधरी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे को देखकर आसपास के लोग पहुंच गए, जिन्होने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम रेंगवा माढ़ोताल निवासी भीकमलाल चौधरी उम्र 60 वर्ष ग्राम कुवगवां में अपनी रिश्तेदारी के एक घर में आयोजित गंगाजलि कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद आज सुबह करीब 7.30 बजे वे अपनी मोटरसाइकिल से अपने घर के लिए रवाना हुए थे। जैसे ही उनकी बाइक ग्राम खैरी से आगे बढ़ी, वैसे ही सामने से आ रहे एक भारी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग संभल तक नहीं पाए और भारी वाहन के पहियों के नीचे आ गए। हादसे में भीकमलाल चौधरी के शरीर पर गंभीर और गहरे जख्म आए, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। खून से लथपथ शव को सड़क पर देख वहां से गुजर रहे राहगीरों के होश उड़ गए। लोगों की चीख-पुकार से सन्नाटा चीख उठा। तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पाटन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचा और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर तत्काल परिजनों को इस हृदयविदारक घटना की खबर दी। जैसे ही परिवार वालों को खबर मिली तो कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पाटन भिजवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाइक सवार वृद्ध की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत, गंगाजलि कार्यक्रम से लौटते वक्त हादसा
प्रेषित समय :18:40:50 PM / Mon, Nov 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




