शहपुरा रेलवे फाटक पर एक घंटे तक जाम फंसे रहे विधायक अजय विश्नोई, अपनी ही सरकार को घेरा,

शहपुरा रेलवे फाटक पर एक घंटे तक जाम फंसे रहे विधायक अजय विश्नोई, अपनी ही सरकार को घेरा,

प्रेषित समय :18:33:59 PM / Mon, Nov 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। मध्यप्रदेश में अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने के लिए चर्चित पूर्व मंत्री व पाटन से भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने एक बार फिर व्यवस्था पर नाराजगी जताई है। आज जबलपुर से भोपाल जाते समय शहपुरा रेलवे फाटक बंद होने के कारण वे करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। इससे नाराज विश्नोई ने फेसबुक पर पोस्ट कर शहपुरा-भोपाल मार्ग के निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की देरी और जिम्मेदारों की जवाबदेही पर सवाल उठाए।
                             उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर लिखा, आज जबलपुर से भोपाल जाते समय शहपुरा के रेलवे फाटक बंद होने से एक घंटा खराब हो गया। पता नहीं, शहपुरा-भोपाल मार्ग की सड़क का ओवरब्रिज और कब तक रुलाएगा। जवाब देने वाला भी कोई नहीं है। गैर-जिम्मेदारी की हद हो गई है। उनकी इस पोस्ट के बाद ओवरब्रिज निर्माण में देरी और यातायात की समस्या एक बार फिर चर्चा में आ गई है। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज लंबे समय से राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। करीब 400 करोड़ रुपए की लागत वाले हाईवे प्रोजेक्ट का यह ब्रिज निर्माण के तीन-चार साल के भीतर ही क्षतिग्रस्त हो गया था। फरवरी 2026 में ओवरब्रिज का करीब 200 मीटर हिस्सा ढह गया था। इसके बाद इस मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। हादसे के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम ने पुरानी डिजाइन में बदलाव कर ब्रिज को नए सिरे से बनाने का फैसला किया। जून 2026 में इसके निर्माण की लागत 30 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई और काम पूरा करने के लिए 5 से 6 महीने की समय-सीमा तय की गई थी। लेकिन नवंबर तक भी निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। फिलहाल भारी वाहनों और आम यात्रियों को शहपुरा कस्बे के संकरे डायवर्सन मार्ग और रेलवे फाटक से होकर गुजरना पड़ रहा है। दिनभर में कई ट्रेनों की आवाजाही के कारण फाटक बार-बार बंद होता है और लंबा जाम लग जाता है।
औद्योगिक कॉरिडोर पर तंज-
अक्टूबर 2026 में जबलपुर में प्रस्तावित औद्योगिक कॉरिडोर को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि योजना बनाते समय छोटे जनप्रतिनिधियों से चर्चा नहीं की गई, लेकिन योजना तैयार होने के बाद उन्हें जानकारी तो दी जा सकती थी।
शराब कारोबार और कानून व्यवस्था पर सवाल-
 वे प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा चुके हैं। उन्होंने लिखा था कि सरकार और प्रशासन शराब ठेकेदारों के आगे नतमस्तक नजर आते हैं।
विपक्ष को भी मिला सरकार को घेरने का मौका-
शहपुरा में जाम और डायवर्सन की परेशानी से स्थानीय लोग पहले से जूझ रहे हैं। सड़क पर धूल और गड्ढों के साथ रेलवे फाटक बंद होने से यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में सत्ताधारी दल के वरिष्ठ विधायक का एक घंटे तक जाम में फंसना और सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करना निर्माण एजेंसियों और संबंधित विभागों की जवाबदेही पर सवाल खड़े करता है। उनकी पोस्ट से कांग्रेस को भी सरकार पर निशाना साधने का मौका मिल गया है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-