जबलपुर। एमपी के जबलपुर में बरेला स्थित संस्कार शिल्प वास्तुलेंड, सालीवाड़ा में चोरों ने एक घर को निशाना बनाया है। चोरों ने मुम्बई इलाज कराने गए एक निजी काम करने वाले दम्पति के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लैपटाप और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक चोरी की घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अतुल कुमार गुप्ता उम्र 45 वर्ष ग्राम सालीवाड़ा सिग्मा के निवासी हैं, ने थाना बरेला में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके भाई अनिल कुमार गुप्ता फेस-2 संस्कार शिल्प वास्तुलेंड सालीवाड़ा में निवास करते हैं। अनिल कुमार गुप्ता अपनी पत्नी के साथ गत 5 नवंबर 2026 को अपना गंभीर उपचार कराने के लिए मुम्बई गए हुए थे। घर पर उनका किरायेदार तेजराम अहिरवार अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। वारदात के दिन शाम करीब 7:30 बजे अनिल कुमार गुप्ता ने अपने भाई अतुल को फोन कर डुमना एयरपोर्ट पर रिसीव करने के लिए बुलाया। जब अतुल अपने भाई-भाभी को लेकर उनके घर पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। अलमारी का सामान भी बिखरा हुआ मिला, जिसमें से एक कीमती लैपटॉप और कुछ नकदी गायब थी।
किरायेदार अंदर था और चोर घर में कर रहे थे हाथ साफ
घटना के समय किरायेदार तेजराम ने पूछताछ में बताया कि वह किसी काम से घर से बाहर गया था और उसकी पत्नी घर के बाथरूम में थी। शातिर चोरों ने इसी बात का फायदा उठाया और घर में घुसकर अलमारी में रखी नकदी और लैपटॉप लेकर आसानी से चंपत हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए चार संदिग्ध, दो बाइकों पर थे सवार
पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक बड़ा खुलासा हुआ। फुटेज में दिनांक 14 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध व्यक्ति घर के अंदर आते और बाहर निकलते हुए साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन शातिर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।




