नगर प्रतिनिधि ,जबलपुर। वन विभाग की सुस्ती के बीच जबलपुर के एक किसान दंपति ने ऐसा साहस दिखाया कि हर कोई हैरान रह गया। खेत में बने मछली पालन के टैंक में घुसे करीब चार फीट लंबे मगरमच्छ को पकड़ने के लिए जब वन विभाग का अमला समय पर नहीं पहुंचा, तो ग्रामीणों ने खुद ही मोर्चा संभाल लिया। जाल डालकर मगरमच्छ को पकड़ा और फिर उसे वन विभाग के सुपुर्द करने पहुंच गए। घटना खमरिया के घाना क्षेत्र की है।
मछलियां गायब होने पर हुआ मगरमच्छ का खुलासा
जानकारी के अनुसार, घाना निवासी किसान लखपत यादव ने अपने खेत में मछली पालन के लिए फिश टैंक बना रखा है। टैंक में पहले बड़ी संख्या में मछलियां थीं, लेकिन शनिवार को अचानक मछलियों की संख्या काफी कम दिखाई देने लगी। जब उन्होंने टैंक के पानी में बारीकी से देखा, तो एक मगरमच्छ का बच्चा नजर आया। इससे परिवार और आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि मगरमच्छ करीब दो दिन पहले टैंक में घुसा था और इस दौरान लगभग 25 से 30 किलो मछलियां खा चुका था। टैंक में मरी हुई मछलियों के अवशेष तैरते देखकर मालिक को उसकी मौजूदगी का अंदेशा हुआ।
वन विभाग नहीं पहुंचा तो ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा
मगरमच्छ की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई, लेकिन काफी देर इंतजार के बाद भी विभागीय अमला मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद ग्रामीणों ने वन्यजीव विशेषज्ञ शंकरेन्द्रुनाथ को भी सूचना दी और खुद रेस्क्यू की तैयारी शुरू कर दी।
दोपहर करीब दो बजे ग्रामीणों ने फिश टैंक में जाल डालकर चार फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद किसान दंपति ने साहस दिखाते हुए मगरमच्छ को अपने हाथों में उठाया और वन विभाग के कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों को सौंप दिया।
वन्यजीव विशेषज्ञ की मौजूदगी में हुआ रेस्क्यू
इस पूरी घटना में ग्रामीणों की सक्रियता और किसान दंपति के साहस की चर्चा हो रही है। हालांकि, मगरमच्छ जैसे खतरनाक वन्यजीव को स्वयं पकड़ना बेहद जोखिम भरा है। ऐसे मामलों में प्रशिक्षित वन्यजीव बचाव दल की मदद लेना जरूरी है। पकड़े गए मगरमच्छ को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।




