जबलपुर। शहर में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और वे लोगों की गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ करने के लिए नए-नए पैंतरे अपना रहे हैं। शातिर ठगों ने पहले एक छात्र को फर्जी सरकारी योजना की लिंक भेजकर चूना लगाया और फिर एक दुकानदार का मोबाइल हैक कर दो बैंक खातों से लाखों रुपये उड़ा लिए। दोनों ही पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्हाट्सएप पर आई फर्जी लिंक, छात्र के उड़े 42 हजार-
पहला मामला माढ़ोताल थाना क्षेत्र का है, जहां पढ़ाई कर रहे 26 वर्षीय युवक इंद्रकुमार गवले के साथ साइबर ठगी की वारदात हुई। समदडिय़ा पब्लिक होटल, अनुष्ठान के पास ग्रीनसिटी माढ़ोताल निवासी इंद्रकुमार ने 22 नवंबर की रात पुलिस को बताया कि 20 नवंबर को उसके व्हाट्सएप पर एपीके प्रधानमंत्री योजना न्यू लीस्ट ऐप की एक संदिग्ध लिंक आई थी। जैसे ही उसने लिंक को ओपन किया, ठगों ने उसके बैंक खाते से 42 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। माढ़ोताल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) और 308 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।
मोबाइल हैंग हुआ और उड़ गए 1.89 लाख रुपए-
दूसरा सनसनीखेज मामला मदनमहल थाना क्षेत्र का सामने आया है। जेडीए बिल्डिंग के पीछे रहने वाले 29 वर्षीय आकाश सेन की गंगासागर एकता चौक, मदनमहल में हरिओम हेयर ड्रेसर के नाम से दुकान है। आकाश के अनुसार, 20 नवंबर की दोपहर करीब 2 बजे जब वह दुकान पर काम कर रहा था, तभी उसका मोबाइल अचानक हैंग होकर अपने आप अपडेट होने लगा। उसने फोन काउंटर पर रख दिया और रात करीब 9 बजे घर जाते समय मामा स्वीट्स से मिठाई ली। जब उसने फोन-पे से भुगतान करने की कोशिश की, तो खाते में महज 668 रुपये बचे देख उसके होश उड़ गए। ट्रांजेक्शन हिस्ट्री जांचने पर खुलासा हुआ कि यूनियन बैंक (शास्त्री ब्रिज शाखा) से 98,888 रुपये दीपक कुमार के खाते में और सेंट्रल बैंक (इंद्राना मझौली शाखा) से 91,000 रुपये सरिता देवी के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए हैं। इस तरह अज्ञात ठग ने मोबाइल हैक कर दोनों खातों से कुल 1 लाख 89 हजार 888 रुपये पार कर दिए। मदनमहल पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगों का कहर, फर्जी लिंक-मोबाइल हैक कर उड़ाए लाखों रुपए
प्रेषित समय :15:51:20 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




