MP: जबलपुर में रादुविवि के कुलगुरु पर महिला अधिकारी ने लगाए गंभीर आरोप, राज्यपाल-महिला आयोग से की शिकायत

जबलपुर में रादुविवि के कुलगुरु पर महिला अधिकारी ने लगाए गंभीर आरोप

प्रेषित समय :14:20:22 PM / Thu, Dec 12th, 2024
Reporter : पलपल रिपोर्टर

पलपल संवाददाता, जबलपुर. एमपी के जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय एक बार फिर चर्चाओं में बना हुआ है. यहां पर एक महिला अधिकारी ने कुलगुरु प्रोफेसर राजेश कुमार वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए है. महिला ने इस मामले की लिखित शिकायत राज्यपाल, राज्य महिला आयोग व उच्च शिक्षा विभाग में की है.  उक्त शिकायत में महिला ने कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा पर अभद्र इशारे करना, अशोभनीय टिप्पणी, व परेशान करने वाले स्टाफ के सदस्यों को बचाने के आरोप लगाए है.

महिला अधिकारी ने लिखित शिकायत करते हुए कहा कि एक महिला के साथ कुलगुरु का ऐसा व्यवहार घोर आपत्तिजनक व अशोभनीय है, कुलगुरु द्वारा किए जा रहे इस तरह के व्यवहार से वे मानसिक रुप से आहत हुई है. उन्होने 21 नवम्बर को कुलगुरु कक्ष में चर्चा के दौरान अधीनस्थों को निर्देश देते हुए उनके प्रति अशोभनीय टिप्पणी व अभद्र इशारे किए. इसकी सीसीटीवी फुटेज से वास्तविकता जानी जा सकती है. यहां तक कि शाम 6 बजे कुलगुरु ने उनके खिलाफ डीईओ परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने को लेकर सार्वजनिक रूप से निराधार आरोप लगाए.

महिला अधिकारी ने शिकायत में 13 अक्टूबर की घटना भी जिक्र किया है. जिसमें अतिथि शिक्षकों के मानदेय के संबंध में आधारहीन टिप्पणी की गई. यूनिवर्सिटी के ऑफिशियल वॉट्सऐप ग्रुप में उनके खिलाफ अतिथि शिक्षकों व विभागाध्यक्षों ने रात करीब डेढ़ बजे अनुचित टिप्पणी की. वॉट्सऐप ग्रुप के एडमिन कुलगुरु ने इस टिप्पणी पर अपनी कोई भी प्रतिक्रिया नहीं दी. महिला अधिकारी ने कहा कि रात भर ग्रुप में मैसेज किए गए और फिर सुबह मैसेज डिलीट करा दिए गए. शिकायतकर्ता महिला अधिकारी का कहना है कि 20 और 21 अक्टूबर को अतिथि शिक्षकों ने धमकी भरे मैसेज भी किए. महिला अधिकारी ने शिकायत के साथ कुलगुरु को पत्र लिखकर वॉट्सऐप मैसेज के स्क्रीनशॉट्स की कापी भी लगाई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-