जबलपुर। एमपी के जबलपुर में गौर-पड़रिया गांव में किसान ने अपने बेटे की शादी को यादगार बनाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। विदाई के लिए हेलिकॉप्टर बुलवाया गया, जिसमें दूल्हा-दुल्हन गांव पहुंचे। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया गया है कि गांव के मालगुजार गोकल पटेल अप्पू ने अपने बेटे अर्पित पटेल की शादी को खास बनाने के लिए हेलीकॉप्टर का इंतजाम किया। नुनसर स्थित अंश मैरिज गार्डन में बेलखाडू के ग्राम भीटा निवासी संतोष पटेल की बेटी मोनिका के साथ अर्पित का विवाह संपन्न हुआ। शादी की रस्में पूरी होने के बाद सुबह विदाई का वक्त आया। आमतौर पर जहां विदाई सड़क मार्ग से होती है, वहीं इस बार नवदंपती हेलिकॉप्टर से रवाना हुए। दूल्हा अर्पित, दुल्हन मोनिका और अपनी बहन के साथ हेलिकॉप्टर में सवार होकर अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए। जैसे ही हेलिकॉप्टर गौर-पड़रिया गांव पहुंचा, उसे देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने पहली बार हेलीकॉप्टर को इतने करीब से देखा। स्थिति यह रही कि गांव वाले दूल्हा-दुल्हन से ज्यादा हेलीकॉप्टर को देखने में उत्साहित नजर आए। गांव पहुंचने पर नवदंपती का भव्य स्वागत किया गया। बहू का गृह प्रवेश भी पारंपरिक रस्मों के साथ शाही अंदाज में कराया गया। इस अनोखी पहल की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।
जबलपुर में हेलीकाप्टर से दुल्हन लेकर आया दूल्हा, पिता बोले, बेटे की इच्छा पुरी की
प्रेषित समय :18:14:33 PM / Mon, Apr 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




