जबलपुर में फ्लाईओवर पर अधिवक्ता की कार पर बम से हमला, पुरानी रंजिश पर वारदात को दिया अंजाम

जबलपुर में फ्लाईओवर पर अधिवक्ता की कार पर बम से हमला, पुरानी रंजिश पर वारदात को दिया अंजाम

प्रेषित समय :20:11:14 PM / Thu, Aug 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में आज फ्लाई ओवर पर आज दोपहर तीन बजे के लगभग नकाबपोश बदमाश ने अधिवक्ता की चलती कार पर बम से हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई है जब अधिवक्ता अपनी टाटा टिआगो ईव्ही से रानीताल की ओर मुड़ रहे थे। बम चालक की तरफ वाली खिड़की पर फेंका गया, जिससे कार पर निशान बन गए, हालांकि अधिवक्ता बाल-बाल बच गए।
                            हमला होते ही अधिवक्ता ने हमलावर का पीछा किया और अपने मोबाइल से उसका वीडियो रिकॉर्ड किया। सफेद कपड़े से मुंह ढके, काली शर्ट और नीली जींस पहने आरोपी फ्लाईओवर से उतरकर मेट्रो अस्पताल की दिशा में भाग निकला। पीडि़त के अनुसार, आरोपी ने रास्ते में नीचे गिरा कोई सामान भी उठाया और फिर ओझल हो गया। पीडि़त अधिवक्ता ने इस हमले का सीधा आरोप अपने घर के पास स्थित निजी अस्पताल संचालकों पर लगाया है। उनके मुताबिक, आरोपियों से उनका पिछले डेढ़ साल से रास्ते के विवाद को लेकर मनमुटाव चल रहा है। पूर्व में भी आरोपियों के खिलाफ विजय नगर थाने में 2025 में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, जिससे रंजिशवश हमले की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद, पीडि़त ने पुलिस प्रशासन से नामजद आरोपियों और उनके मोबाइल लोकेशन की गहनता से जांच करने की मांग की है। पुलिस को सौंपी गई शिकायत और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर विजय नगर और गोहलपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-